उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले से बड़े हादसे की खबर सामने आई है। यहां मटसेना क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर एक बस टैंकर से टकरा गई। टक्कर के बाद बस में आग लग गई जिस कारण बस के चालक और कंडक्टर की मौत हो गई है। इसके साथ ही हादसे में करीब दो दर्जन लोग घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद इलाके में अफरा तफरी मच गई है। सामने आई जानकारी के अनुसार, घायलों को सैफई और मेडिकल कॉलेज फिरोजाबाद में रेफर किया गया है।
कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के मुताबिक, फिरोजाबाद के आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर थाना मटसेना क्षेत्र में खंभा नंबर 46 किलोमीटर के पास कानपुर से गुरुग्राम जा रही एक प्राइवेट स्लीपर बस टैंकर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस में अचानक आग लग गई और मौके पर चीख पुकार मच गई। हादसे में बस चालक और परिचालक की मौत हो गई, जबकि करीब दो दर्जन यात्री घायल बताए जा रहे हैं।
घायलों को अस्पताल भेजा गया
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और राहत टीम मौके पर पहुंच गईं। आग पर काबू पाने के साथ राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया घायलों को एंबुलेंस की मदद से उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज फिरोजाबाद और सैफई मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।
मजिस्ट्रेट ने दी जानकारी
इस हादसे को लेकर विनोद कुमार पांडेय नगर मजिस्ट्रेट ने बताया बहुत ही दुखद घटना हुई है एक डबल डेकर बस टैंकर में टकराने से आग लग गई और इसमें 15 से 20 लोग घायल हो गए, 5 लोग ट्रामा सेंटर में भर्ती हैं 15 लोगों को शिकोहाबाद व सैफई में भर्ती कराया गया है फ़िलहाल जो सूचना मिली है उसमें ड्राइवर व कंडक्टर की मौत हो गई है।
उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद, लखनऊ एक्सप्रेसवे पर एक बस और ट्रक की टक्कर के मामले को लेकर शिकोहाबाद सरकारी अस्पताल के डॉ. पीयूष गंगवार ने बताया- “बस दुर्घटना हुई है। कुल 15 मरीज हमारे पास आए हैंष अभी तक किसी के हताहत होने की कोई जानकारी नहीं है।”
