हुसैनाबाद में 15 घंटे से बिजली गुल, भीषण गर्मी में लोगों का बुरा हाल

# ## Lucknow

लखनऊ के हुसैनाबाद इलाके में पिछले करीब 15 घंटे से विद्युत आपूर्ति पूरी तरह बाधित है। जानकारी के मुताबिक कल रात लगभग 11 बजे कासिम अली पुलिया स्थित ट्रांसफॉर्मर अचानक खराब हो गया, जिसके बाद इलाके की बड़ी आबादी अंधेरे में डूब गई। भीषण गर्मी के बीच लगातार बिजली न आने से लोगों की परेशानियां लगातार बढ़ती जा रही हैं। घरों में पानी की समस्या गंभीर होती जा रही है, जबकि फ्रीज में रखी खाद्य सामग्री भी खराब होने लगी। लंबे समय से बिजली बहाल न होने के कारण छोटे बच्चे, बुजुर्ग और मरीज सबसे ज्यादा परेशान हैं। हालात इतने खराब हो चुके हैं कि अधिकांश परिवार अपने घरों में ताले लगाकर रिश्तेदारों या परिचितों के यहां जाने को मजबूर हो गए हैं। ट्रांसफॉर्मर की खराबी बड़ी बताई जा रही है और विद्युत आपूर्ति बहाल होने में अभी और समय लग सकता है। इलाके के लोगों ने विद्युत विभाग से जल्द से जल्द समस्या का समाधान करने की मांग की है।