सासाराम से पटना जाने वाली ट्रेन में लगी भीषण आग, रेलवे स्टेशन पर मची अफरा-तफरी

# ## National

सासाराम: पंडित दीनदयाल उपाध्याय गयाजी रेल खंड के सासाराम रेलवे स्टेशन पर आग लगने का मामला सामने आया है। यहां सोमवार को उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब एक सवारी गाड़ी अचानक से धधक उठी। सासाराम से आरा होकर पटना को जाने वाली पैसेंजर ट्रेन में अचानक आग लगने से प्लेटफॉर्म एवं ट्रेन में बैठे यात्रियों में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते लोग इधर-उधर भागने लगे। यह घटना सोमवार की सुबह करीब 6 बजे की बताई जाती है। फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है।

एक बोगी जलकर खाक

इस घटना में पैसेंजर ट्रेन की एक बोगी पूरी तरह जलकर खाक हो गई है, जिसे ट्रेन से अलग कर दिया गया है। वहीं आरपीएफ निरीक्षक संजीव कुमार ने बताया कि कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया है। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट की बात सामने आई है और रेल प्रशासन घटना की जांच में जुट गई है। उन्होंने यह भी बताया कि इस घटना में यात्रियों को कोई नुकसान नहीं हुआ है। हालांकि स्थानीय लोगों और रेल यात्रियों में घटना को लेकर भारी आक्रोश है। उनका कहना है कि यदि समय रहते पानी और भरे हुए अग्निशमन सिलेंडर मिल जाते, तो नुकसान को बेहद कम किया जा सकता था।