IPL 2026 में 15 साल के स्टार बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी बल्ले से लगातार कहर बरपा रहे हैं। हालांकि, पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच में तूफानी बल्लेबाजी करने के बावजूद वैभव अर्धशतक नहीं जड़ सके। वह अपने अर्धशतक से सिर्फ 7 रन दूर रह गए। फिर भी वैभव IPL में नया इतिहास रचने में कामयाब रहे। न्यू चंडीगढ़ के महाराजा यादवेंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में वैभव ने पंजाब के गेंदबाजों की जमकर खबर ली। उन्होंने पावरप्ले में जमकर बाउंड्री बटोरी। इस तरह बड़ी उपलब्धिल अपने नाम कर ली।
16 गेंदों में ठोके 43 रन
राजस्थान रॉयल्स की पारी का आगाज करते हुए सूर्यवंशी ने सिर्फ 16 गेंदों में 43 रन ठोक दिए। अपनी इस धमाकेदार पारी में उन्होंने 5 विकेट और 3 चौके जड़े। बाएं हाथ के युवा बल्लेबाज ने अर्शदीप सिंह, लॉकी फर्ग्यूसन और मार्को जानसेन जैसे गेंदबाजों पर जमकर प्रहार किया। इस 43 रन की पारी के दौरान सूर्यवंशी ने एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया। उन्होंने इस सीजन में 400 रन पूरे कर लिए। वैभव सबसे कम गेंदों में एक IPL सीजन में 400 रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने आंद्रे रसेल का 7 साल पुराना रिकॉर्ड ध्वस्त किया।
IPL सीजन में सबसे कम गेंदों में 400 रन बनाने वाले खिलाड़ी
- 167 – वैभव सूर्यवंशी (2026)
- 188 – आंद्रे रसेल (2019)
- 195 – अभिषेक शर्मा (2024)
- 197 – निकोलस पूरन (2025)
- 200 – ग्लेन मैक्सवेल (2014)
टीम को दी तूफानी शुरुआत
223 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए सूर्यवंशी ने राजस्थान को धमाकेदार शुरुआत दिलाई। पहले ही ओवर में उन्होंने 15 रन बटोरे, फिर लॉकी फर्ग्यूसन के ओवर में 17 रन लूटे। महज 3.1 ओवर में राजस्थान का स्कोर 50 तक पहुंच गया। हालांकि, वह 43 रन बनाकर आउट हो गए, जब उन्होंने एक लो फुलटॉस को मिड-ऑफ पर खड़े श्रेयस अय्यर के हाथों में खेल दिया।
इससे पहले पंजाब किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 222/4 का बड़ा स्कोर खड़ा किया। इसमें मॉर्कस स्टॉयनिस ने सबसे अहम भूमिका निभाई। उन्होंने सिर्फ 22 गेंदों में नाबाद 62 रन बनाए, जिसमें 6 छक्के और 4 चौके शामिल थे। हालांकि, पंजाब के टॉप ऑर्डर में प्रभसिमरन सिंह (59), प्रियांश आर्य (29) और कूपर कोनोली (30) ने अच्छी शुरुआत दी, लेकिन बड़ी पारी नहीं खेल सके। अंत में स्टॉयनिस ने टीम का स्कोर 222 रन तक पहुंचाया। इसके जवाब में राजस्थान ने 223 रनों का लक्ष्य 19.2 ओवर में हासिल कर लिया।
