Codeine Cough Syrup Case: कोडीन युक्त कफ सिरप मामले में पिता-पुत्र गिरफ्तार

# ## Prayagraj Zone

प्रयागराजः उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में कोडीन युक्त कफ सिरप के अवैध क्रय-विक्रय मामले में सोनभद्र पुलिस ने स्थानीय पुलिस की मदद से दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में कारोबारी विनोद वर्मा और उनका पुत्र संस्कार वर्मा शामिल हैं।

पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी अतरसुइया थाना क्षेत्र के पजावा चौराहे से की गई। इनके खिलाफ कोडीन युक्त कफ सिरप के अवैध कारोबार के आरोप में मुकदमा दर्ज था और सोनभद्र पुलिस को लंबे समय से उनकी तलाश थी।रविवार देर रात सोनभद्र पुलिस ने प्रयागराज पुलिस के सहयोग से छापेमारी कर दोनों को दबोच लिया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद गिरफ्तार अभियुक्तों को सोनभद्र ले जाया गया। पुलिस के अनुसार खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से आरोपियों के खिलाफ सोनभद्र और मिर्जापुर में भी प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।