उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षकों की हर समस्या के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिक्षक और विद्यालय सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल हैं।
उप मुख्यमंत्री आगरा में यूनाइटेड टीचर्स एसोसिएशन (यूटा) के दो दिवसीय प्रांतीय अधिवेशन में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आज सरकारी विद्यालय संसाधनों और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के मामले में निजी व कॉन्वेंट स्कूलों को टक्कर दे रहे हैं। केशव मौर्य ने बताया कि राज्य सरकार विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा और छात्रों के समग्र विकास के लिए लगातार काम कर रही है। साथ ही शिक्षकों के सशक्तिकरण पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
अधिवेशन में यूटा के प्रदेश अध्यक्ष राजेन्द्र सिंह राठौर ने संगठन की गतिविधियों और शिक्षकों की समस्याओं पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि और शिक्षाविद भी मौजूद रहे।
