उत्तर प्रदेश के गोंडा जिला में थाना क्षेत्र में देर रात पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई के दौरान चौखड़िया पुल के पास गोपसराय मार्ग पर मुठभेड़ हो गई, जिसमें दो शातिर अंतर्जनपदीय पशु चोरों को गिरफ्तार कर लिया गया।
मुठभेड़ के दौरान हुई जवाबी फायरिंग में एक आरोपी गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके साथी को मौके पर ही दबोच लिया गया। पुलिस अधीक्षक गोंडा विनीत जायसवाल ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध बदमाश क्षेत्र में किसी वारदात की फिराक में घूम रहे हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस, एसओजी एवं सर्विलांस की संयुक्त टीम ने इलाके की घेराबंदी कर चेकिंग शुरू की। इसी दौरान एक संदिग्ध चार पहिया पिकप वाहन को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वाहन में सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दद्दन कंकाली पुत्र मोहम्मद हनीफ (उम्र 26 वर्ष), निवासी शेखपुरा जफर, थाना रौनाही, जनपद अयोध्या गोली लगने से घायल हो गया। वहीं उसका साथी फारूक पुत्र सूरत उर्फ नजीर, निवासी थाना रौनाही को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से पुलिस ने एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस के साथ चोरी में प्रयुक्त चार पहिया पिकप वाहन बरामद किया है। इसके अलावा एक लाख सत्ताइस हजार नकद भी बरामद किए गए हैं, जो चोरी की गई भैंसों को बेचकर इकट्ठा किए गए थे। थाना अध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि दोनों आरोपी अपने गिरोह के साथ मिलकर गोण्डा और बस्ती जनपद में भैंस चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे।
अभियुक्त द्ददन के विरूद्ध आठ और फारूक के विरूद्ध चार मुकदमे विभिन्न थानों में दर्ज हैं। उन्होंने यह भी बताया कि हाल ही में पर्वती गांव के एक पशुपालक की तीन भैंसों की चोरी भी इसी गिरोह द्वारा की गई थी। फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्यवाही कर रही है।
घायल आरोपी का इलाज जिला अस्पताल गोंडा में कराया जा रहा है, जबकि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। इस कार्रवाई को क्षेत्र में सक्रिय पशु चोरी गिरोह के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।
