- कार निकालने को लेकर विवाद, मारपीट व छीनाझपटी में तीन आरोपी हिरासत में
लखनऊ। थाना मोहनलालगंज क्षेत्र में एक होटल में जन्मदिन पार्टी के दौरान कार निकालने को लेकर हुआ विवाद मारपीट और छीनाझपटी में बदल गया। घटना 6 अप्रैल 2026 की रात लगभग 11 बजे एंट्रास होटल में हुई, जहां हेमंत सोनी और उनके भाई शंकर सोनी (निवासी तेलीबाग) का रवि उर्फ विक्की सिंह, आर्यन सिंह, प्रिंस सिंह (निवासी हरिकंशगढ़ी) एवं अन्य लोगों से विवाद हो गया।
आरोप है कि विवाद के दौरान विपक्षी पक्ष ने हेमंत सोनी व उनके भाई के साथ मारपीट की और उनकी लाइसेंसी रिवाल्वर, मोबाइल फोन तथा सोने की चेन छीन ली। इस संबंध में हेमंत सोनी की तहरीर पर थाना मोहनलालगंज में मुकदमा संख्या 132/2026 के तहत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छीनी गई पिस्टल और मोबाइल फोन बरामद कर लिया है तथा तीन आरोपियों—रवि सिंह उर्फ विक्की सिंह, आर्यन सिंह और राज त्रिवेदी—को हिरासत में ले लिया है। पुलिस के अनुसार मामले में अग्रिम विधिक कार्यवाही जारी है और अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
