मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सीएम हेल्पलाइन 1076 से जुड़े कर्मचारियों की शिकायतों पर सख्त रुख अपनाते हुए तत्काल समाधान के निर्देश दिए। कर्मचारियों ने वी-विन प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के खिलाफ वेतन और कार्यस्थल से जुड़ी समस्याएं उठाई थीं, जिस पर मुख्यमंत्री ने त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित कराई।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर यूपीडेस्को की प्रबंध निदेशक नेहा जैन को पूरे मामले की समीक्षा कर कंपनी स्तर पर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने को कहा गया। इसके बाद कंपनी प्रबंधन के साथ उच्चस्तरीय वार्ता हुई, जिसमें कर्मचारियों की मांगों पर सहमति बनी। कंपनी ने कर्मचारियों के वेतन में वृद्धि करने पर सहमति जताई है। साथ ही कार्यस्थल की सुविधाओं को बेहतर बनाने का भी आश्वासन दिया गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कर्मचारियों के हितों की रक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और भविष्य में ऐसी समस्याएं न हों, इसके लिए निगरानी व्यवस्था मजबूत की जाएगी।
