पहलवानों ने कुश्ती में दिखाया दम, जार्जिया के पहलवान टैयडो ने मध्य प्रदेश केसरी गौरव शर्मा को हराया

# ## Game

 केडी सिंह बाबू स्टेडियम स्थित अटल बिहारी वाजपेई क्रीड़ा संकुल में आयोजित रेसलिंग गोल्ड कप में पहलवानों ने दमदार प्रदर्शन किया। जार्जिया के पहलवान टैयडो और मध्य प्रदेश केसरी गौरव शर्मा के बीच मुकाबला आकर्षण का केंद्र रहा। जैसे ही दोनों पहलवान मैट पर उतरे, इंडोर हाल में मौजूद दर्शकों में उत्साह का माहौल बन गया।

हाथ मिलाने के बाद मुकाबला शुरू हुआ। पहले राउंड में दोनों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली और मुकाबला बराबरी पर रहा, लेकिन दूसरे राउंड में टैयडो ने शानदार दांव-पेंच दिखाते हुए बढ़त बनाई और अंततः जीत दर्ज की। उनके प्रदर्शन ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया।

अमर शहीदों की पुण्यतिथि पर आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्घाटन विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने किया। उन्होंने खिलाड़ियों से मुलाकात कर कुश्ती को बढ़ावा देने के लिए सीएसआर फंड से पांच लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा की। इस अवसर पर अभिमन्यु सिंह, पूर्व आईएएस एसपी सिंह, प्रो. संजय सिंह, पीके मिश्रा, गोपाल राय, कैप्टन कमल सिंह, शंकरी सिंह सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, महाराष्ट्र और पंजाब के साथ जार्जिया व ईरान के कुल 45 पहलवान भाग ले रहे हैं। आयोजक राजेश कुमार सिंह के अनुसार ईरानी पहलवान 25 मार्च को लखनऊ पहुंचेंगे।