सीबीआई का बड़ा एक्शन: 2.77 करोड़ के मुद्रा लोन घोटाले में बैंक मैनेजर-फील्ड अफसर के ठिकानों पर छापेमारी, 44 पर मुकदमा

# ## National

सीबीआई ने बाराबंकी स्थित बैंक ऑफ इंडिया में प्रधानमंत्री मुद्रा लोन के नाम पर 2.77 करोड़ के घाटोले में सीबीआई सक्रिय हो गई। सीबीआई की टीमों ने तत्कालीन बैंक मैनेजर अमन वर्मा और फील्ड अफसर शैलेंद्र प्रताप के लखनऊ और मैनपुरी के पांच ठिकानों पर छापेमारी की। वहां पर टीम ने आवश्यक दस्तावेज बरामद किए हैं।

मामला तीन वर्ष पुराना है। प्रधानमंत्री मुद्रा लोन योजना में दस लाख तक बेरोजगारों को कारोबार शुरू करने के लिए ऋण देने की सुविधा है। इस मामले में बाराबंकी की बैंक ऑफ इंडिया की बरौली मलिक शाखा में मुद्रा लोन देने के नाम पर 2.77 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी को अंजाम दिया गया। आरोप है कि 41 लोगों के नाम से खाते खोले गए। उसके बाद दलाल सुरेश रावत के जरिए फर्जी तौर पर खाते खोलकर उनके खातों में घोटाले की रकम को ट्रांसफर कर दिया गया। एक युवक सलमान के नाम से भी फर्जी तौर पर 9.10 लाख रुपये का मुद्रा लोन स्वीकृत किया गया।

इस मामले में बैंक मैनेजर राजीव बच्चन ने पहले पुलिस में तहरीर दी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उसके बाद बैंक की ओर से मामला हाईकोर्ट जा पहुंचा। अदालत में सलमान ने भी अपने बयान दर्ज कराए गए। अदालत के आदेश पर बैंक मैनेजर, फील्ड अधिकारी व दलाल समेत 44 लोगों पर मुकदमा कायम करा दिया गया। उसके बाद सीबीआई सक्रिय हुई और छापेमारी शुरू कर दी। सूत्रों का दावा है कि छापे में सीबीआई को घोटाले के अहम साक्ष्य मिले हैं।