14 और 15 मार्च को होने वाली दरोगा भर्ती परीक्षा के मद्देनजर बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों और उनके अभिभावकों के आने की संभावना को देखते हुए रेलवे ने विशेष तैयारियां शुरू कर दी हैं। भीड़ को नियंत्रित करने और यात्रियों को सुविधा देने के लिए रेलवे की ओर से परीक्षा विशेष ट्रेनें चलाने के साथ ही स्टेशन पर अतिरिक्त व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
उत्तर रेलवे के सीपीआरओ हिमांशु शेखर उपाध्याय के अनुसार ट्रेन संख्या 04220 लखनऊ–वाराणसी परीक्षा विशेष 14 और 15 मार्च को लखनऊ से शाम 6:20 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन बाराबंकी, दरियाबाद, रुदौली, अयोध्या कैंट, अयोध्या धाम, गोशाईगंज, अकबरपुर, मालीपुर, शाहगंज और जौनपुर स्टेशनों पर ठहरेगी। इसी तरह ट्रेन संख्या 04222 लखनऊ–प्रयागराज संगम परीक्षा विशेष 14 और 15 मार्च को शाम 5:45 बजे लखनऊ से चलेगी। यह ट्रेन बछरावां, हरचंदपुर, रायबरेली जंक्शन, फुरसतगंज, गौरीगंज, अमेठी, मां चंडिका देवी धाम अंतू, मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़ जंक्शन, बिश्नाथगंज, मऊ आइम्मा, सिवैथ, फाफामऊ और प्रयाग स्टेशन पर रुकेगी। रेलवे प्रशासन के मुताबिक दोनों दिनों में प्रतिदिन करीब एक लाख परीक्षार्थियों और अभिभावकों के आने की संभावना है। भीड़ को नियंत्रित रखने के लिए स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में होल्डिंग एरिया बनाया गया है, जहां से ट्रेन के अनुसार यात्रियों को प्लेटफार्म पर भेजा जाएगा। इसके अलावा अतिरिक्त टिकट काउंटर खोले जा रहे हैं। सुरक्षा के लिए जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम तैनात रहेगी।
