- योग सप्ताह के छठवें दिन डॉ. राजेंद्र प्रसाद को मिला ‘नंदा वल्लभ काण्डपाल स्मृति योग सम्मान’
लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय के योग विभाग, फैकल्टी ऑफ योग एंड अल्टरनेटिव मेडिसिन, इंडियन योग फेडरेशन तथा यू.पी. नेचुरोपैथी एंड योग टीचर्स एंड फिजिशियन एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित योग सप्ताह के छठवें दिन पद्मश्री सम्मान हेतु चयनित डॉ. राजेंद्र प्रसाद को उनके आवास पर जाकर स्व. नंदा वल्लभ काण्डपाल स्मृति योग सम्मान से सम्मानित किया गया। यह सम्मान हेमचंद्र काण्डपाल द्वारा इंडियन योग फेडरेशन में स्थापित कराया गया है।
योग फैकल्टी के समन्वयक एवं इंडियन योग फेडरेशन के अध्यक्ष डॉ. अमरजीत यादव ने बताया कि डॉ. राजेंद्र प्रसाद लखनऊ विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र रहे हैं तथा योग विषय पर उनकी कई पुस्तकें और शोध पत्र प्रकाशित हो चुके हैं। वे अपने रोगियों को योगिक जीवन पद्धति अपनाने के साथ आसन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास करने के लिए प्रेरित करते हैं।
उन्होंने बताया कि डॉ. राजेंद्र प्रसाद राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर योग और उसकी वैज्ञानिकता पर अनेक व्याख्यान भी दे चुके हैं तथा योग के प्रचार-प्रसार में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।
