Bareilly: गैस की कालाबाजारी शुरू, 1500 तक का बिका सिलेंडर, डरे लोगों ने शुरू की जमाखोरी

# ## Bareilly Zone

ईरान और अमेरिका के बीच छिड़ी जंग का असर रसोई और व्यवसाय पर दिखने लगा है। इससे सबसे ज्यादा प्रभावित होटल और रेस्टोरेंट इंडस्ट्री हो रही हैं। सरकार द्वारा एस्मा लगाए जाने के बाद कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की आपूर्ति पर एक तरह से रोक सी लग गई है। वहीं प्रशासन अब भी गैस की किसी भी बड़ी किल्लत से इनकार कर रहा है।

मंगलवार को गैस की कमी की अफवाह तेजी से शहर में फैल गई। इसके चलते शहर में गैस की कालाबाजारी शुरू हो गई। सोशल मीडिया पर खबर फैलने से लोग दुकानो और वेंडरों से सिलेंडर महंगे दामों में खरीदने लगे। लोगों को डर है कि यदि गैस नही मिलेगी तो उनके घरों का चूल्हा कैसे जलेगा।

जिलें में डबल हुई बुकिंग
सूत्रों से पता चला है कि जिले में रोजाना की बुकिंग औसतन 20 हजार सिलेंडरों की रहती है। लेकिन सोमवार को ये बुकिंग बढ़कर 47 हजार पहुंच गई। इससे गैस एजेंसियों पर दबाव बढ़ने लगा है। हालांकि बरेली में अभी घरेलू गैस की ज्यादा दिक्कत नहीं है।

गैस एजेंसियों पर काम करने वाले हॉकर से जब इस मामले में बात की गई तो उसने बताया कि कुछ एजेंसी वाले कालाबाजारी पर उतर आए है। वह अपने ही लोगों से इसे महंगे दामों में बेचने के लिए बोल रहे है। इसके बाद हॉकर उसे 1500 तक में बेचकर अपने पैसे भी डबल कर रहा है। बिना नंबर के ही 1500 रुपयों में सिलेंडर मिल जा रहा है।

बडे़ कारोबारियों ने किया स्टॉक
शहर में चर्चा है शहर में बड़े काम करने वाले कारोबारियों के गोदामों में कमर्शियल सिलेंडरों की भरमार है। 200 से अधिक सिलेंडर इन्होंने अपने गोदामों में भर लिए है। ताकि आने वाले समय में इनके काम पर कोई असर न पड़ृे। इसके चलते छोटे कारोबारी परेशान हो रहे है।

जिला पूर्ति अधिकारी मनीष सिंह ने बताया कि घरेलू गैस की वर्तमान में कोई बड़ी समस्या नहीं है। आपूर्ति को नियंत्रित करने के लिए 25 दिनों में एक बुकिंग का नियम लागू कर दिया गया है। घरेलू उपभोक्ताओं को परेशानी नहीं होगी।