लखनऊ से रांची समेत कई शहरों के लिए चलेंगी नई सीधी ट्रेनें, PM मोदी करेंगे उद्घाटन, अब यात्रा होगी आसान और तेज

# ## National

प्रधानमंत्री के 14 मार्च को प्रस्तावित कार्यक्रम के दौरान रेलवे देशभर में कई नई परियोजनाओं की सौगात देने जा रहा है। इसी क्रम में पुरुलिया से आनंद विहार (दिल्ली) के बीच नई ट्रेन सेवा की शुरुआत की जायेगी, जिससे लखनऊ के यात्रियों को बड़ी राहत मिलने वाली है।

यह ट्रेन पुरुलिया से शुरू होकर रामगढ़, रांची, लोहरदगा, लातेहार, पलामू, गढ़वा, रोहतास, कैमूर, चंदौली, वाराणसी, अयोध्या, लखनऊ, बरेली, मुरादाबाद होते हुए आनंद विहार पहुंचेगी। इस ट्रेन के शुरू होने से पश्चिम बंगाल, झारखंड और उत्तर प्रदेश के यात्रियों को दिल्ली तक सीधी रेल कनेक्टिविटी मिलेगी। अब तक लखनऊ से रांची जाने के लिए यात्रियों को सीधे ट्रेन की सुविधा उपलब्ध नहीं थी। उन्हें नीलांचल एक्सप्रेस से पहले टाटानगर तक यात्रा करनी पड़ती थी और वहां से ट्रेन बदलकर रांची जाना पड़ता था। इसी तरह पलामू, गढ़वा, रोहतास, कैमूर और चंदौली के लिए भी यात्रियों को वाराणसी या फिर मुगलसराय जंक्शन पर ट्रेन बदलनी पड़ती थी। नई पुरुलिया–आनंद विहार ट्रेन सेवा शुरू होने के बाद इन सभी स्टेशनों के लिए लखनऊ से सीधी यात्रा संभव हो सकेगी, जिससे यात्रियों का समय बचेगा और सफर अधिक सुविधाजनक हो जाएगा।