भाजपा के प्रशिक्षण में तैयार होता है देश के लिए भविष्य का नेतृत्व : डॉ. दिनेश शर्मा

Lucknow
  • भाजपा के प्रशिक्षण में तैयार होता है देश के लिए भविष्य का नेतृत्व : डॉ. दिनेश शर्मा

लखनऊ। दिनेश शर्मा ने कहा कि प्रशिक्षण के माध्यम से देश के लिए भविष्य का नेतृत्व तैयार किया जाता है। कार्यकर्ताओं को राजनीतिक और सामाजिक दृष्टि से सक्षम बनाते हुए उन्हें अनेक आवश्यक गुर सिखाए जाते हैं। भाजपा के कार्यकर्ताओं को सोने की तरह तराशा जाता है, ताकि वे राष्ट्र निर्माण के यज्ञ में सार्थक योगदान दे सकें।

राजधानी में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में उन्होंने भाजपा को अन्य दलों से अलग बताते हुए कहा कि पार्टी में अनुशासन का विशेष महत्व है। कार्यकर्ताओं को अनुशासित ढंग से हर कार्य पूरा करना सिखाया जाता है। प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले कार्यकर्ता ही आने वाले समय में देश के कर्णधार बनते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए पद नहीं बल्कि देश प्रथम होता है और पार्टी का सत्ता में होना उनके लिए सम्मान की तरह है। भाजपा एक कार्यकर्ता आधारित पार्टी है, जहां सरकार ऊपर से नहीं बल्कि नीचे से चलती है।

डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि प्रशिक्षण कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं के मन, मस्तिष्क, आचार और व्यवहार को तराशा जाता है, जिससे वे अन्य दलों के कार्यकर्ताओं से अलग नजर आते हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अपने भीतर नेतृत्व के गुण विकसित करें और समाज में जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए सदैव तैयार रहें। उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि जिस प्रकार कार चलाने के लिए सीखना आवश्यक होता है, उसी प्रकार देश का नेतृत्व करने से पहले भी प्रशिक्षण आवश्यक है।

उन्होंने दीनदयाल उपाध्याय के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि जनसंघ की स्थापना के बाद उन्होंने एकात्म मानववाद का सिद्धांत दिया, जिसने समाज में गैर-बराबरी को दूर करने का मार्ग दिखाया। उन्होंने बताया कि आपातकाल के समय जनसंघ के कार्यकर्ताओं ने कई अत्याचार सहे, लेकिन अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं किया।

उन्होंने कहा कि कभी भाजपा के दो सांसदों का मजाक उड़ाने वाली कांग्रेस की स्थिति आज ऐसी हो गई कि उत्तर प्रदेश से लोकसभा में उसके केवल दो सांसद ही जीत सके। देश को परमाणु शक्ति बनाने का प्रस्ताव भी सबसे पहले जनसंघ ने ही पारित किया था। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है और विश्व मंच पर मजबूत दाता देश के रूप में उभर रहा है। कोविड काल में भारत ने अनेक देशों को वैक्सीन उपलब्ध कराकर मानवता की मिसाल पेश की।

उन्होंने कहा कि पार्टी को आगे बढ़ाने के लिए नए लोगों को जोड़ना जरूरी है, साथ ही उन्हें पार्टी की रीति-नीति और सिद्धांतों के अनुरूप तैयार करना भी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में माफिया राज समाप्त हो चुका है और प्रदेश तेजी से विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है।

कल्याणपुर, लखनऊ में आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान–2026 के अंतर्गत पूरब मंडल–2 के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की प्रशिक्षण कार्यशाला को संबोधित करते हुए उन्होंने संगठन के विकास पर विस्तृत चर्चा की।

इस अवसर पर विधायक ओ. पी. श्रीवास्तव, अवध क्षेत्र उपाध्यक्ष स्वेता सिंह, महानगर उपाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह, महिला मोर्चा महानगर अध्यक्ष सीता नेगी, मंडल अध्यक्ष नरेंद्र सिंह देवड़ी, मंडल महामंत्री नीलिमा त्रिपाठी, मंडल महामंत्री किशनपाल, पार्षद शिवम उपाध्याय, पूर्व मंडल अध्यक्ष कृष्ण प्रताप सिंह, पार्षद राकेश मिश्रा, पार्षद उमेश सनवाल, पूर्व मंडल अध्यक्ष परागीलाल, मीडिया प्रभारी दीपक तिवारी तथा अनूप कुमार सिंह सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।