प्रेरणा स्थल के सामने बनेगा पार्क व्यू अपार्टमेंट, LDA बनाएगा 364 प्रीमियम फ्लैट, जानें पंजीयन की पूरी detail

# ##

लखनऊ विकास प्राधिकरण बसंतकुंज योजना में राष्ट्र प्रेरणा स्थल के सामने पार्क व्यू अपार्टमेंट्स बनाएगा। चार टावर में कुल 364 प्रीमियम फ्लैट होंगे। जो 16 से 20 फ्लोर के होंगे। प्राधिकरण ने फ्लैटों के पंजीयन 7 मार्च से 6 अप्रैल तक के लिए खोला है। आवंटन पारदर्शी प्रक्रिया के तहत लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा।

उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि पार्क व्यू अपार्टमेंट्स की कनेक्टिविटी और लोकेशन काफी प्राइम होगी। यह पुराने लखनऊ के घनी आबादी के पास वाले क्षेत्र में बनेगा, जहां वर्तमान में आवासीय जरूरतें पूरी करने के लिए ऐसी जगह मिलना मुश्किल है। पार्क व्यू अपार्टमेंट, राष्ट्र प्रेरणा स्थल के सम्मुख स्थित है, जहां से कुछ ही दूरी पर ग्रीन कॉरिडोर, आईआईएम रोड, दुबग्गा रोड और चौक जैसे महत्वपूर्ण एरिया जुड़े हैं। अपार्टमेंट के निर्माण के लिए ऑनलाइन डिमांड सर्वे कराया था। सकारात्मक परिणाम मिलने के बाद परियोजना के निर्माण को मंजूरी दी है। पंजीकरण एलडीए की वेबसाइट के माध्यम से किए जाएंगे। फ्लैट के अनुमानित मूल्य की पांच फीसद धनराशि बतौर पंजीकरण शुल्क जमा करनी होगी, जोकि आरक्षित वर्ग के लिए 2.5 फीसद होगी।

154 एवं 195 वर्गमीटर का होगा फ्लैट, कीमत 75 से 95 लाख

लगभग 13,350 वर्गमीटर क्षेत्रफल के पार्क व्यू अपार्टमेंट्स के टावर ए एवं बी में 16-16 फ्लोर, टावर सी में 20 फ्लोर तथा टावर डी 17 फ्लोर बनेंगे। अपार्टमेंट में 3 बीएचके एवं 3 बीएचके सर्वेंट श्रेणी के कुल 364 फ्लैट बनेंगे। प्रत्येक फ्लैट लगभग 154 एवं 195 वर्गमीटर का होगा, जिसमें 3 बीएचके की कीमत लगभग 75 लाख रुपये एवं 3 बीएचके सर्वेंट श्रेणी की कीमत लगभग 95 लाख रुपये से शुरू होगी।

स्वीमिंग पूल, 455 वाहनों की पार्किंग

विशेष कार्याधिकारी देवांश त्रिवेदी ने बताया कि सोसाइटी में स्वीमिंग पूल, पार्क, क्लब हाउस, किड्स प्ले-एरिया, पावर बैकअप, 455 से अधिक वाहनों की पार्किंग आदि की सुविधा होगी। इसके अलावा, अपार्टमेंट से राष्ट्र प्रेरणा स्थल सामने ही दिखाई देगा। लोगों की व्यावसायिक जरूरतें पूरी करने के लिए कैम्पस में ही कॉमर्शियल दुकानें भी बनेंगी।

तीन वर्ष में पूरा होगा प्रोजेक्ट, पांचवें वर्ष कब्जा

अपार्टमेंट का निर्माण तीन वर्ष में पूरा होगा और पांचवें वर्ष फ्लैटों पर कब्जा मिलेगा। फ्लैट के लिए पंजीकरण कराने वाले आवेदकों को आवंटन के पश्चात 36 महीने की किश्तों में पूर्ण धनराशि जमा करानी होगी। 45 से 90 दिनों में पूर्ण धनराशि जमा करने पर 6 से 4 फीसद छूट मिलेगी।