- डॉ. राजेश्वर सिंह की प्रेरणा से एआईएमटी में पर्यावरण जागरूकता क्विज प्रतियोगिता, युवाओं ने लिया बढ़-चढ़कर हिस्सा
लखनऊ। मोहनलालगंज स्थित अंबालिका इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी (एआईएमटी) में पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से “एनवायरनमेंट वॉरियर्स – द गार्जियंस ऑफ द ग्रीन” के तत्वावधान में पर्यावरण जागरूकता क्विज प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह की प्रेरणा से आयोजित हुआ, जिसमें 20 महाविद्यालयों के 85 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी प्रतिभागियों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में रामेश्वर सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही। प्रतियोगिता के विजेताओं को 22 फरवरी 2026 को आयोजित “युवा उत्सव 2.0 @ नेट-जीरो सरोजनीनगर” में अभिनेता संजय दत्त एवं डॉ. राजेश्वर सिंह द्वारा सम्मानित किया जाएगा। विजेताओं को क्रमशः ₹1,00,000, ₹50,000 तथा ₹25,000 की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।
- पर्यावरण संरक्षण पर दिया प्रेरक संदेश
अपने संबोधन में डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि प्रकृति संरक्षण केवल सरकार की नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने युवाओं से समय के सदुपयोग और शारीरिक-मानसिक सजगता पर जोर देते हुए बताया कि आज लाखों छात्र राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट), भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) तथा संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, लेकिन सफलता उन्हीं को मिलती है जो अनुशासन और जागरूकता बनाए रखते हैं — यही भावना पर्यावरण संरक्षण में भी आवश्यक है।
उन्होंने पृथ्वी अति-उपभोग दिवस का उल्लेख करते हुए बताया कि 1972 में यह वर्ष के अंत में आता था, जबकि अब जुलाई-अगस्त तक पहुंच गया है, जो संसाधनों के अत्यधिक दोहन का संकेत है। पिछले 100 वर्षों में वैश्विक तापमान में लगभग 1.5 डिग्री सेल्सियस वृद्धि और लखनऊ में बीते 20 वर्षों में भूजल स्तर में 20 मीटर से अधिक गिरावट गंभीर चिंता का विषय है।
- विभिन्न संस्थानों के विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता
प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश राज्य फॉरेंसिक विज्ञान संस्थान, डॉ. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय, डॉ. शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय, सरस्वती मेडिकल कॉलेज, मॉडर्न गर्ल्स कॉलेज, महाराणा प्रताप समूह संस्थान, आर्यकुल समूह महाविद्यालय, आजाद इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी सहित अनेक शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए अम्बिका मिश्रा, डॉ. श्वेता द्विवेदी, नंदजा मिश्रा, अमृतांशु शेखर आज़ाद एवं पूरी अंबालिका टीम तथा एनवायरनमेंट वॉरियर टीम को शुभकामनाएँ दी गईं। कार्यक्रम का समापन “प्रकृति भी हमारी, लोकतंत्र भी हमारा” के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।
