आगरा किले में आज गूंजेगी शिवाजी की शौर्य गाथा, महाराष्ट्र के सीएम और डिप्टी सीएम समेत केंद्रीय मंत्री होंगे शामिल

# ## UP

ताजनगरी आगरा एक बार फिर छत्रपति शिवाजी महाराज के शौर्य, स्वाभिमान और पराक्रम की गाथाओं से गूंजने जा रही है। गुरुवार को उनकी 396वीं जयंती के अवसर पर ऐतिहासिक आगरा किला में लगातार चौथे वर्ष भव्य ‘शिव जयंती उत्सव’ का आयोजन किया जा रहा है।महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, केंद्रीय जलशक्ति मंत्री सीआर पाटिल, राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े, केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल और महाराष्ट्र के सांस्कृतिक मंत्री आशीष शेलार सहित कई गणमान्य अतिथियों की मौजूदगी रहेगी।

आयोजक संस्था ‘अजिंक्य देवगिरी प्रतिष्ठान’ के अध्यक्ष विनोद पाटिल ने बताया कि आगरा किला छत्रपति शिवाजी महाराज के स्वाभिमान का ऐतिहासिक साक्षी है। इसी किले में उन्होंने औरंगजेब की कैद से बुद्धिमत्ता के साथ निकलकर मुगल सत्ता को करारा जवाब दिया। शाम छह बजे से शुरू होने वाले इस कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन पर आधारित भव्य लेजर शो होगा। इसके साथ ही नाटिका और गौरवशाली गीतों की प्रस्तुतियों के जरिए इतिहास को जीवंत किया जाएगा।