कानपुर। पुलिस ने इस सप्ताह की शुरुआत में कानपुर की वीआईपी रोड पर हुए ‘हाई-प्रोफाइल’ लैंबॉर्गिनी दुर्घटना मामले में स्थानीय तंबाकू कारोबारी के. के. मिश्रा के बेटे शिवम मिश्रा को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस प्रमुख ने यह जानकारी दी। इस हादसे में कई लोग घायल हो गए थे।
कानपुर के पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने बताया कि आरोपी शिवम मिश्रा (35) को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसे अदालत में पेश किया जाएगा। रविवार को दोपहर करीब तीन बजे पॉश ग्वाल्टोली इलाके में 10 करोड़ रुपये से अधिक कीमत वाली इतालवी लग्जरी स्पोर्ट्स कार लैंबॉर्गिनी रेवुएल्टो ने पैदल यात्रियों और वाहनों को टक्कर मार दी थी।
इस हादसे में घायल हुए लोगों में शामिल ई-रिक्शा चालक मोहम्मद तौफीक (18) ने बाद में इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। हालांकि, शिवम के वकील धर्मेंद्र सिंह ने बाद में दावा किया कि तौफीक का आरोपी पक्ष से समझौता हो गया है और अब वह इस मामले में चालक के खिलाफ कोई कानूनी कार्रवाई नहीं करना चाहता।
इस मामले में बुधवार को उस समय नया मोड़ आया जब स्वयं को कार का चालक बताने वाले मोहन नाम के एक व्यक्ति ने दावा किया कि दुर्घटना के समय वाहन वही चला रहा था, न कि शिवम मिश्रा। हालांकि, पुलिस ने इस दावे को खारिज करते हुए कहा कि जांच के दौरान जुटाए गए सबूतों से स्पष्ट रूप से साबित होता है कि जब यह हादसा हुआ, उस समय कार शिवम मिश्रा ही चला रहा था।
