आठवें वेतन आयोग को लेकर जंतर-मंतर पर होगा राष्ट्रव्यापी आंदोलन, नर्सें काला फीता बांधकर करेंगी विरोध

# ## National

ऑल इंडिया गवर्नमेंट नर्सेस फेडरेशन, नई दिल्ली के आह्वान पर राजकीय नर्सेस संघ उत्तर प्रदेश की नर्सें सोमवार से पांच फरवरी तक काला फीता बांधकर विरोध प्रदर्शन करेंगी। इसी क्रम में छह जनवरी को नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर राष्ट्रीय स्तर का शांतिपूर्ण आंदोलन आयोजित किया जाएगा।राजकीय नर्सेस संघ उत्तर प्रदेश के महामंत्री अशोक कुमार ने बताया कि आठवें वेतन आयोग में नर्सिंग से जुड़ी न्यायसंगत सिफारिशें शामिल किए जाने, नर्सिंग कैडर की मूल संरचना की पुनः बहाली, आउटसोर्सिंग एवं संविदा प्रथा पर रोक लगाने जैसी प्रमुख मांगें आंदोलन के केंद्र में हैं। उन्होंने बताया कि अन्य प्रमुख मांगों में सुरक्षित नर्स-रोगी अनुपात सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त स्टाफ की भर्ती, समान कार्य के लिए समान वेतन, समयबद्ध पदोन्नति, करियर ग्रोथ, लंबित भत्तों का भुगतान तथा नर्सिंग पेशे में अनावश्यक हस्तक्षेप समाप्त किया जाना शामिल है।

अशोक कुमार ने कहा कि यह आंदोलन किसी एक राज्य या संगठन तक सीमित नहीं है, बल्कि देशभर की नर्सों की साझा आवाज है। नर्सिंग स्टाफ लंबे समय से उपेक्षा का सामना कर रहा है और अब अपने अधिकारों की प्राप्ति के लिए संगठित होकर शांतिपूर्ण ढंग से आंदोलन कर रहा है।