- बीएचयू के प्रोफेसर आशीष त्रिपाठी को मिलेगा 2026 डॉ. नामवर सिंह राष्ट्रीय सम्मान
विप्लवी पुस्तकालय, गोदरगावां, बेगूसराय (बिहार) की ओर से दिया जाने वाला 2026 का “डॉक्टर नामवर सिंह राष्ट्रीय सम्मान” काशी हिन्दू विश्वविद्यालय, वाराणसी के हिन्दी विभाग के प्रोफेसर, कवि, आलोचक एवं संपादक प्रो. आशीष त्रिपाठी को प्रदान किया जाएगा। यह सम्मान 22–23 मार्च को आयोजित दो दिवसीय वार्षिकोत्सव के अवसर पर दिया जाएगा। सम्मान समिति के संयोजक राजेन्द्र राजन ने बताया कि प्रो. आशीष त्रिपाठी का चयन 21 दिसंबर 2025 को संचालन समिति की बैठक में किया गया। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2020 में इस सम्मान की शुरुआत आचार्य विश्वनाथ त्रिपाठी से हुई थी। इसके बाद यह सम्मान नरेश सक्सेना, प्रो. अवधेश प्रधान, प्रो. शंभुनाथ, प्रो. पुरुषोत्तम अग्रवाल तथा प्रो. ब्रजकुमार पांडेय जैसे प्रतिष्ठित साहित्यकारों को प्रदान किया जा चुका है।
नामवर सिंह के शताब्दी वर्ष में यह सम्मान उनके विचारों और साहित्यिक अवदान को सहेजने वाले साहित्यकार को दिया जा रहा है। प्रो. आशीष त्रिपाठी कविता, आलोचना और संपादन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहे हैं। उनके कविता संग्रह ‘एक रंग ठहरा हुआ’ और ‘शांति पर्व’ प्रकाशित हो चुके हैं। आलोचना के क्षेत्र में उनके कार्यों को विशेष सराहना मिली है और उन्हें स्पंदन सम्मान (2016) से भी नवाजा जा चुका है।
प्रो. त्रिपाठी ने प्रो. नामवर सिंह की अनेक पुस्तकों तथा रामचंद्र शुक्ल रचनावली के संपादन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। वर्तमान में वे रज़ा फेलोशिप के अंतर्गत हबीब तनवीर की जीवनी लेखन में संलग्न हैं। साहित्यिक योगदान के लिए उन्हें यह सम्मान दिया जाना हिंदी साहित्य जगत के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।
