योगी कैबिनेट में बड़े उलटफेर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष समेत सरकार की नई टीम पर मंथन

# ## UP

भाजपा में मिशन 2027 के मद्देनजर सोमवार को लखनऊ पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह सरकार्यवाह अरुण कुमार ने सरकार और संगठन में बदलाव के साथ योगी से तालमेल पर मंथन किया। दिनभर बैठकों की श्रृंखला से साफ हो गया कि जल्द ही नए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और उनकी टीम के साथ मंत्री से संगठन में और संगठन से मंत्री बनने वाले नामों का ऐलान होगा। दोनों नेता मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और दोनों उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक से मुलाकात भी कर सकते हैं।

भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह सरकार्यवाह अरुण कुमार का सोमवार को लखनऊ दौरा संगठन-सरकार में बड़े बदलाव, आगामी चुनावी तैयारियों और शीर्ष नेताओं के बीच तालमेल को नए सिरे से परखने की दृष्टि से बेहद अहम माना जा रहा है। वर्ष 2027 विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र दोनों नेताओं ने सुबह से देर शाम तक विभिन्न स्तरों पर लगातार रणनीतिक बैठकें कीं। दिल्ली से दोपहर में लखनऊ पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष का एयरपोर्ट पर पूर्व मंत्री महेंद्र सिंह ने स्वागत किया। संतोष ने प्रदेश संगठन से जुड़े पदाधिकारियों से मुलाकात की और चल रहे अभियानों पर चर्चा की।

सूत्रों के अनुसार बीएल संतोष और अरुण कुमार की एक संयुक्त बैठक प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह के साथ भी हुई। सूत्र बताते हैं कि यह बैठक संगठन के भीतर समन्वय और रणनीतिक दिशा तय करने के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। दिनभर चली बैठकों के बीच बीएल संतोष और अरुण कुमार की मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात को लेकर विशेष उत्सुकता रही। सीएम आवास पर संभावित मुलाकात के अतिरिक्त दोनों नेता उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक से भी अलग-अलग चर्चा कर सकते हैं। हालांकि देर शाम तक मुलाकात की पुष्टि कहीं से नहीं हुई है।

संघ प्रचारकों के साथ सह सरकार्यवाह की गहन बैठकें

सोमवार सुबह से ही अरुण कुमार लखनऊ में संघ से जुड़े वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ बैठक किए। बैठक में पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के क्षेत्र प्रचारकों, विभाग प्रचारकों और प्रमुख प्रांतीय पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। प्रदेश में संघ कार्यों की वर्तमान स्थिति, शाखाओं का विस्तार, स्वयंसेवकों की सक्रियता, कैडर की मजबूती और सामाजिक समरसता से जुड़े कार्यक्रमों की प्रगति पर रणनीति बनीं। साथ ही, लोकसभा चुनाव 2024 के बाद राजनीतिक और सामाजिक परिवर्तनों के प्रभाव पर चर्चा हुई। सूत्रों के अनुसार बैठक को संघ की आंतरिक समीक्षा का महत्वपूर्ण चरण माना जा रहा है। यह समीक्षा आगामी महीनों में संघ और भाजपा द्वारा संचालित अभियानों व संपर्क कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करने में आधार बनेगी।

धर्मपाल को जन्मदिन पर बधाई का तांता

प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह का सोमवार को जन्मदिन दिल्ली से आए बीएल संतोष और अरुण कुमार की उपस्थिति में और खास बन गया। दोनों नेताओं ने उन्हें बधाई दी। उधर, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संदेश में कहा है कि संगठन को शक्ति, कार्यकर्ताओं को प्रेरणा और समाज को सकारात्मक दिशा देने वाले धर्मपाल सिंह को जन्मदिन का हार्दिक बधाई। उन्होंने प्रभु श्रीराम से उत्तम स्वास्थ्य और निरंतर प्रगति की कामना की। प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने भी बधाई दी है। इसी के साथ मंत्रियों, विधायकों, सांसदों, संगठन नेताओं का पूरे दिन बधाई देने का तांता लगा रहा।