बरेली में आवारा पशुओं से परेशान ग्रामीणों ने रास्ते पर जानवर खड़े कर रोक दिया मंत्री का काफिला

# ## Bareilly Zone

(www.arya-tv.com) बरेली में आवारा पशुओं से परेशान ग्रामीणों ने गुरुवार को कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह का रास्ता रोक दिया। सैकड़ों ग्रामीण गोवंशों को लेकर पहुंचे और उन्हें उस रास्ते पर छोड़ दिया, जहां से मंत्री धर्मपाल सिंह जा रहे थे।

इससे पुलिस प्रशासन में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर SDM आंवला भी पहुंचे। करीब 40 मिनट की मशक्कत कर पुलिस प्रशासन ने गोवंशों को हटाया। जिसके बाद मंत्री आगे रवाना हो सके।

आंवला के पिपरिया उपराला की है घटना
पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह पॉली क्लीनिक भूमि का पूजन करने के लिए कार्यक्रम में देहात क्षेत्र जा रहे थे। उनके साथ अपर मुख्य सचिव रजनीश दुबे की गाड़ी भी थी। वहीं, पुलिस प्रशासन के अन्य अधिकारी भी साथ थे। मंत्री के काफिले में करीब 9 गाड़ियां थीं।

सुबह के वक्त पशुओं को छोड़ दिया
सुबह गांव पिपरिया उपराला में ग्रामीणों ने सैकड़ों पशुओं को लाकर सड़क पर खड़ा कर दिया। इसी रास्ते से पशुधन मंत्री का काफिला गुजरने वाला था। इसकी जानकारी होने पर SDM आंवला और इंस्पेक्टर सिसौली वहां पहुंच गए। आक्रोशित ग्रामीण SDM से भिड़ गए। धक्का-मुक्की भी हुई। ग्रामीणों का आक्रोश देख SDM वहां से चले गए।

कुछ देर बाद पशुपालन मंत्री धर्मपाल सिंह और अपर मुख्य सचिव पशुपालन का काफिला आया, तो सड़क पर पशुओं को खड़ा देख सबके होश उड़ गए। ग्रामीणों ने मंत्री के सामने छुट्टा पशुओं की समस्या को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। मंत्री धर्मपाल सिंह ने ग्रामीणों को समझाया।

उन्हें आश्वासन दिया कि इलाके में ग्राम सभा की जमीन देख गो-आश्रय स्थल बनवाकर समस्या से निजात दिलाई जाएगी। मंत्री के आश्वासन के बाद ग्रामीण माने। इसके बाद छुट्टा पशु सड़क से हटाए और मंत्री का काफिला गुरगांवा के लिए रवाना हुआ।