गोरखपुर में मना सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव का जन्मदिन:नेताओं ने केक काटकर किया सेलिब्रेट

# ## Gorakhpur Zone

(www.arya-tv.com)  गोरखपुर में सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव का 50वां जन्मदिन सपा कार्यालय पर मनाया गया। सपा सुप्रीमो के जन्मदिन के अवसर पर पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने केक काटकर राष्ट्रीय अध्यक्ष को शुभकामनाएं देते हुए उनके दीर्घायु की कामना की। इस अवसर पर सपा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने आने वाले 2024 के लोकसभा चुनाव में मजबूती के साथ आने की बात कही।

जन्मदिन कार्यक्रम की अध्यक्षता पार्टी के जिलाध्यक्ष ब्रजेश कुमार गौतम ने किया। जबकि, संचालन कृष्ण कुमार त्रिपाठी ने किया। मुख्य अतिथि के रूप में विधान परिषद के पूर्व सभापति गणेश शंकर पांडे मौजूद रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष ब्रजेश कुमार गौतम ने कहा, इस लोक कल्याण दिवस पर हम लोकसभा चुनाव 2024 में समाजवादी पार्टी विजय प्राप्त करके भाजपा की नफरती राजनीति और उसकी कुनीतियों से जनता को मुक्ति दिलाने को प्रतिबद्ध है। समाजवादी पार्टी की भारत के संविधान में सच्ची निष्ठा है।

सपाई ने लिया संकल्प
उन्होंने कहा, महात्मा गांधी, डॉ. राममनोहर लोहिया और बाबा साहब भीमराव अम्बेडकर के आदर्शों से प्रेरणा लेते हुए हम लोकतंत्र, धर्मनिरपेक्षता, सामाजिक न्याय और समाजवाद के प्रति अपने को संकल्पित करते हैं। अखिलेश यादव का पूरा जीवन लोक कल्याण के कार्यक्रमों से भरा पड़ा है।

जहां एक ओर उन्होंने अपने मुख्यमंत्री काल में सरकार में रहते हुए जनकल्याण विकास के ऐतिहासिक फैसले लिए, वहीं दूसरी ओर सरकार ना रहने के बावजूद आए दिन पीड़ितों शोषित और उत्पीड़ित लोगों के आंसू पहुंचने और उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित करने का काम करते रहते हैं।

लोकसभा चुनाव की जीत होगी सच्ची शुभकामना
जिलाध्यक्ष ने कहा, आज भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों से त्रस्त जनता अखिलेश यादव को याद कर रही है। लोकसभा 2024 में गोरखपुर और बासगांव लोकसभा सीट जीताना राष्ट्रीय अध्यक्ष को जन्मदिन पर सच्ची शुभकामना होगी। उनके जन्मदिन को लोक कल्याण दिवस के रूप में मनाते हुए हम संविधान और लोकतंत्र को बचाने का संकल्प लेते हैं।

भाजपा से समाज का हर तबका त्रस्त
विधान परिषद के पूर्व सभापति गणेश शंकर पांडे ने कहा, आज समाज का हर तबका भाजपा सरकार के क्रियाकलापों से त्रस्त है। सभी लोग पूरी आस के साथ समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश अखिलेश यादव की तरफ देख रहे हैं। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव पूर्व विधायक विनय शंकर तिवारी ने कहा, जनता के हित में पुनः समाजवादी राज्य समाज बनाने के लिए अपने-अपने बूथों को संगठित और सुव्यवस्थित करने में जुट जाइए, क्योंकि अखिलेश यादव की अगुवाई में ही विकास सेवा और सुरक्षा संभव है।