तीन पर्चे लीक…पहली बार बैकफुट पर CM KCR:विपक्ष का मुख्यमंत्री के बेटे पर आरोप

# ## National

(www.arya-tv.com) तेलंगाना में पेपर लीक मामलों के कारण दो बार के मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव (KCR) को पहली बार बैकफुट आना पड़ा है। विपक्ष ने लीक मामले में KCR और उनके बेटे के. तारक रामाराव (KTR) और बेटी के. कविता को निशाने पर लिया है। भाजपा और कांग्रेस ने लीक में राज्य कैबिनेट में मंत्री KTR और उनके करीबियों का हाथ होने का आरोप लगाया है।

सेकंडरी बोर्ड का हिंदी और तेलुगु के 4 अप्रैल को पर्चा लीक में 4.90 लाख बच्चे बैठे थे। राज्य परीक्षा आयोग ग्रुप-वन का पर्चा भी लीक हुआ था। इसमें 3 लाख से ज्यादा अभ्यार्थियों ने हिस्सा लिया था। पर्चे लीक के कारण 8 लाख परीक्षार्थियों के भविष्य पर संकट आ गया है।

भाजपा को बड़ा खतरा मान रही BRS
पेपर लीक में BRS को भाजपा-कांग्रेस दोनों घेर रहे हैं। लेकिन BRS भाजपा को बड़ा खतरा मानकर चल रही है। लीक में नाम घसीटे जाने पर KTR ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय कुमार के खिलाफ ही एक करोड़ की मानहानि का मुकदमा दर्ज किया, जबकि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष रेवत रेड्‌डी ने भी आरोप लगाए थे। तेलंगाना में भाजपा के बढ़ते जनाधार को BRS बड़ी चुनौती मान रही है।राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि KCR पेपर लीक मामले में कांग्रेस के आरोपों के बावजूद सॉफ्ट है। सूत्रों के अनुसार, यदि KCR को सत्ता में वापसी की संभावनाएं कम लगीं तो वे कांग्रेस के साथ डील कर सकते हैं। ये डील औपचारिक भी हो सकती है और भीतरखाने भी।