मुख्यमंत्री ने जनपद गोरखपुर में बाबू आर0एन0 सिंह की प्रतिमा का अनावरण किया

Lucknow
  • संकल्प को सिद्धि तक पहुंचाने के लिए पुरुषार्थ कैसा होना चाहिए, भगवान राम उसके आदर्श : मुख्यमंत्री
  • डबल इंजन सरकार गोरखपुर के दक्षिणांचल क्षेत्र के विकास की गति को तीव्रता के साथ आगे बढ़ा रही
  • राज्य सरकार धुरियापार में बायोफ्यूल प्लांट तथा राम जानकी मार्ग बनाने जा रही

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ  गोरखपुर की गोला तहसील के भरौली गांव में बाबू आर0एन0 सिंह की प्रतिमा का अनावरण किया तथा उनकी स्मृति में स्थापित डायलिसिस सेण्टर का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को अष्टमी व रामनवमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हम जो भी करते हैं, उसमें सफलता प्राप्त होना ही सिद्धि है। जिस संकल्प के साथ हम कार्य कर रहे हैं, उस संकल्प को सिद्धि तक पहुंचाने के लिए पुरुषार्थ कैसा होना चाहिए, भगवान राम उसके आदर्श हैं।

मुख्यमंत्री  ने कहा कि ‘जननी जन्मभूमिश्च स्वर्गादपि गरीयसी’। व्यक्ति पैसा कमाकर बड़े पदों पर जा सकता है, यश और समृद्धि प्राप्त कर सकता है, लेकिन अपनी जन्मभूमि का ऋण वह कभी पूरा नहीं कर सकता है। अगर उस धरती के लिए कुछ करने का सौभाग्य प्राप्त होता है, तो वास्तव में उस व्यक्ति का जीवन धन्य हो जाता है। बाबू आर0 एन0 सिंह जी ने मुम्बई में परिश्रम के साथ काम करते हुए वहां समृद्धि, प्रसिद्धि व सम्मान प्राप्त किया। बाबू आर0 एन0 सिंह ने समृद्धि के साथ-साथ अपनी जन्मभूमि के लिए भी कार्य किया।

मुख्यमंत्री  ने कहा कि दक्षिणांचल के लोग सामर्थ्यवान हैं। इस सामर्थ्य को समाज के लिए उपयोगी बनाया जाना चाहिए। बाबू आर0 एन0 सिंह व उनके पुत्र श्री संतोष सिंह ने जिस प्रकार यहां समाज के कल्याण के कार्यां को आगे बढ़ाया है, उसी प्रकार सकारात्मक सोच के साथ विकास एवं जनकल्याणकारी कार्यां को आगे बढ़ाया जाना चाहिए। यहां अच्छे आई0टी0आई0, स्किल डेवलपमेंट सेण्टर, पॉलिटेक्निक, चिकित्सालय तथा ब्लड बैंक बन जाएं, तो इसका लाभ लोगों को मिलेगा और विकास को गति मिलेगी।

मुख्यमंत्री जी ने कहा कि गोरखपुर के दक्षिणाचंल का क्षेत्र 02 हाईवे के साथ जुडे़गा। पहला हाईवे गोरखपुर-बड़हलगंज-कौड़ीराम होते हुए वाराणसी को फोर लेन के साथ जोड़ेगा, जबकि दूसरा फोरलेन हाईवे खजनी-सिकरीगंज-बेलघाट-आजमगढ़ होते हुए लखनऊ से जुड़ेगा। प्रदेश सरकार बंजर जमीन को खरीदेगी और यहां पर उद्योग लगाएगी। 

मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रदेश सरकार विकास की इस प्रक्रिया को तेजी के साथ आगे बढ़ाने का कार्य कर रही है। विकास होगा तो, ट्रेनिंग की क्षमता को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी। यहां के नौजवानों को आने वाले समय में कहीं जाने की आवश्यकता नहीं होगी। बेटियां को यहीं पर शिक्षा के अच्छे सेण्टर मिलेंगे।