मथुरा में जमीन विवादों पर लगेगी लगाम? SSP ने दिए सख्त निर्देश, हर थाने में बनेगा अलग रजिस्टर

# ## Agra Zone

मथुरा में जमीन की बढ़ती कीमतों के बीच संपत्ति संबंधी विवाद भी बढ़ने लगे हैं. पिछले 15 दिनों में जमीन विवाद से जुड़ी फायरिंग और प्रॉपर्टी डीलर को गोली मारने जैसी घटनाएं सामने आने के बाद पुलिस ने इसे गंभीरता से लिया है. एसएसपी ने जमीन विवादों की निगरानी और समय रहते कार्रवाई के लिए पुलिस अधिकारियों को विशेष निर्देश दिए हैं.

एसएसपी श्लोक कुमार के निर्देश पर थानों में आने वाली जमीन संबंधी शिकायतों का अलग से ब्यौरा दर्ज किया जाएगा. हर थाने में एक अलग रजिस्टर होगा. आईजीआरएस, जनसुनवाई पोर्टल और थानों में प्राप्त शिकायतों को रजिस्टर में दर्ज किया जाएगा. बीट पुलिसकर्मी अपने क्षेत्र में चल रहे जमीन विवादों की जानकारी जुटाकर अधिकारियों को देंगे.

प्रॉपर्टी डीलरों और एजेंटों का होगा सत्यापन

पुलिस जिले के प्रॉपर्टी डीलरों, कंपनियों और उनके कार्यालयों का विवरण जुटाएगी. इसमें कंपनी और मालिक का नाम, पता, मोबाइल नंबर, एजेंट की जानकारी और आपराधिक इतिहास शामिल होगा. प्रॉपर्टी डीलरों के पास मौजूद लाइसेंसी हथियारों की जानकारी भी ली जाएगी. इसके लिए पुलिस थानों में उनके साथ बैठक भी करेगी.

जमीन विवादों के समाधान के लिए थाना दिवस और तहसील दिवस पर संयुक्त टीम कार्रवाई करेगी. बिना अनुमति प्लॉटिंग करने वालों की जानकारी नगर निगम या विकास प्राधिकरण को भेजी जाएगी, ताकि संबंधित विभाग नियमानुसार कार्रवाई कर सके.

आपराधिक रिकॉर्ड वाले एजेंटों पर भी नजर

एसएसपी ने निर्देश दिए हैं कि आपराधिक इतिहास वाले एजेंटों को प्रॉपर्टी डीलर अपने यहां काम पर न रखें. पुलिस ऐसे लोगों की गतिविधियों पर भी नजर रखेगी, जिससे जमीन विवादों को लेकर होने वाली संभावित आपराधिक घटनाओं को समय रहते रोका जा सके. नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रॉपर्टी डीलरों के लाइसेंस रद्द कर उन्हें भू-माफिया घोषित किया जाएगा.