(www.arya-tv.com) अक्षय कुमार की अपकमिंग फिल्म ‘वेदत मराठे वीर दौड़े सात’ इन दिनों चर्चा में है। हाल में ही ये खबर सामने आई है कि इस फिल्म के शूटिंग सेट पर एक बड़ा हादसा हो गया है। शूटिंग के दौरान 19 साल का एक लड़का किले की किलेबंदी से 100 फीट नीचे गिर गया है। सूत्रों की मानें तो यह युवक गंभीर रूप से घायल है। उसका इलाज शहर के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। इस लड़के नाम नागेश खोबरे है।
100 फिट नीचे गिरा 19 साल का लड़का
रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म के डायरेक्टर महेश मांजरेकर पिछले कुछ दिनों से पन्हालगढ़ में अपनी अपकमिंग फिल्म ‘वेदत मराठे वीर दौड़े सात’ की शूटिंग कर रहे हैं। बीते शनिवार रात 9 बजे के आस-पास पन्हालगढ़ की किलेबंदी पर शूटिंग के दौरान नागेश संतुलन खो बैठा और 100 फिट नीचे गिर गया।
कैसे हुई घटना
मिली जानकारी के अनुसार, नागेश शूटिंग के लिए आए घोड़ों की देखभाल कर रहा था। तभी वो फोन पर बात करने के लिए किलेबंदी पर आ गया। बातचीत खत्म करने के बाद वो किलेबंदी से नीचे जा रहा था, तभी उसका संतुलन बिगड़ गया और वो किलेबंदी के बाहर की तरफ नीचे गिर गया। जब वहां मौजूद लोगों ने यह देखा तो वो फौरन उसकी मदद के लिए किलेबंदी से रस्सी की मदद से नीचे उतरे, फिर उसी के सहारे नागेश को ऊपर लाया गया।
हालत गंभीर बताई गई, पुलिस की तरफ से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं
इस हादसे के बाद नागेश के सिर और सीने में गंभीर चोटें आई हैं। इसके तुरंत बाद नागेश को कोल्हापुर भेजा गया, जहां उसे महाराष्ट्र के सीपीआर अस्पताल में भर्ती कराया गया।लेकिन हालत गंभीर होने की वजह से उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कर दिया गया है जहां उसका इलाज चल रहा है। इस हादसे की जानकारी मिलने के बाद पन्हाला पुलिस मौके पर पहुंच गई, लेकिन अब तक पुलिस या महेश मांजरेकर की टीम की तरफ से इस बारे में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
2023 में रिलीज होगी फिल्म
अक्षय कुमार की इस फिल्म को डायरेक्टर महेश मांजरेकर बनाएंगे। फिल्म 2023 में दिवाली के मौके पर रिलीज की जाएगी। मराठी के अलावा हिंदी, तमिल और तेलुगु भाषा में भी इसे पर्दे पर दिखाया जाएगा। अक्षय के अलावा फिल्म में जय दुधने, उत्कर्ष शिंदे, विशाल निकम, हर्दिक जोशी, सत्या, नवाब खान और प्रवीण तरडे जैसे एक्टर्स मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। बता दें कि इससे पहले भी खिलाड़ी कुमार छत्रपति शिवाजी के रोल में नजर आ चुके हैं।