(www.arya-tv.com) उत्तर प्रदेश में बुधवार को प्री-मानसून बरसात हुई। इसकी वजह से बीते तीन दिन में तापमान 8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो गई। टेंप्रेचर के नीचे जाने से जहां एक तरफ लोगों को गर्मी से राहत मिली, तो वहीं धूल भरी आंधी और तेज हवाएं चलने से प्रदेश के अलग-अलग जिलों में पांच लोगों की मौत हुई।
यूपी में मौसम विभाग ने गुरुवार के लिए 12 जिलों बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसमें प्रतापगढ़ और जौनपुर में भीषण आंधी तूफान चलने की आशंका जताई गई है। उत्तर प्रदेश में प्री-मानसून बारिश का अलर्ट जारी करते हुए 15.5 मिलीमीटर बारिश होने की संभावना जताई जा रही है। बीते 24 घंटे में 0.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है।
ठंडी बरसाती हवा चलने से वाराणसी में गर्मी का असर थोड़ा सा कम हो गया है। सुबह से 24 किलाेमीटर प्रति घंटे की गति से चल रही हवा की वजह से पारा नीचे आ गया है। वाराणसी का अधिकतम तापमान 37.8°C दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान सामान्य से 2°C कम रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान सामान्य से 1°C अधिक 25.6°C दर्ज किया गया।
फतेहगढ़ सबसे कम, तो झांसी रहा सबसे गर्म जिला
उत्तर प्रदेश में झांसी जिला एक बार फिर से सबसे ज्यादा तापमान वाला जिला रिकॉर्ड किया गया, जहां पारा 43.5 डिग्री सेल्सियस था। तेज हवाएं और बिजली की गरज चमक के साथ प्रदेश फतेहपुर में 21.5 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। झांसी के अलावा अधिक तापमान वाले जिलों में बांदा, कानपुर, वाराणसी, आगरा जैसे जिले शामिल हैं। इन शहरों का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आस-पास बना हुआ है।
लखनऊ में तेज हवा संग बारिश ने दी शहर को राहत
बीते तीन दिनों से चल रही तेज हवाओं के असर से तापमान में कमी का दौर जारी रहा। बुधवार को बदली तेज हवाएं चलीं, तो रात में बारिश ने गर्मी से भारी राहत दी है। देर शाम को हुई बारिश से रात का मौसम सुहाना हो गया। मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि अगले दो दिनों तक बदली और तेज हवाओं से मौसम इसी प्रकार बना रहेगा। लखनऊ का तापमान 39 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बीते तीन दिनों में लखनऊ का तापमान करीब आठ डिग्री कम हुआ है।
12 जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने गुरुवार को प्रदेश के विभिन्न जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी करते हुए बताया कि गुरुवार को करीब 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से सुल्तानपुर, आंबेडकरनगर, गोरखपुर जैसे जिलों में हवाएं चलेंगी और छिटपुट बारिश भी होगी।
इसके अलावा ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए मौसम विभाग ने बताया कि 87 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से प्रदेश के गाजीपुर, प्रयागराज, मऊ, बलिया, देवरिया जैसे जिलों में हवाएं चलेंगी। बिजली की गरज चमक के साथ बारिश होगी। रेड अलर्ट जारी करते हुए मौसम विभाग ने बताया कि प्रतापगढ़ और जौनपुर में तेज हवाओं के साथ आंधी-पानी गिरने की आशंका है।