सरोजनीनगर के दरोगा खेड़ा के एक ही परिवार के 5 लोग कोरोना संक्रमित

Lucknow UP

लखनऊ।(www.arya-tv.com) राजधानी में कोरोना की तफतार में तेजी ही आती जा रही है बुधवार को आठ नए मामले सामने आए हैं। इनमें से पांच एक ही परिवार के सदस्य हैं, जबकि तीन जीआरपी जवानों में संक्रमण म‍िला है। पांच मामले सरोजनीनगर के दरोगा खेड़ा निवासी एक ही परिवार के हैं। बता दें, चारबाग़ स्टेशन के प्लेटफार्म एक पर आने वाली प्रवासी स्पेशल ट्रेनों में तैनात छह जीआरपी सिपाहियों ने खुद ही अपनी कोरोना जांच कराई थी। उनमे कोई लक्षण नही थे, लेक‍िन इनमे से तीन कोरोना पॉजिटिव आये हैं। अब उनकी बैरक के 16 सिपाहियों को क्‍वारंटाइन किया गया है।

जबकि 11 सिपाही सोमवार को क्‍वारंटाइन किये गए हैं। यह जानकारी एसपी रेलवे लखनऊ अनुभाग के सौमित्र यादव ने दी। दरोगा खेड़ा कॉलोनी के एक ही परिवार गए 10 लोगों के सैंपल में परिवार के 5 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए जाने से प्रशासन में हड़कंप मच गया। नगर आयुक्त इंद्रमणि त्रिपाठी ने पूरी कॉलोनी का जायजा लिया और लोगों को एतिहात बरतने की चेतावनी दी। इस दौरान पूरी कॉलोनी की साफ सफाई के लिए कर्मचारियों को लगाया गया और मशीन के माध्यम से कॉलोनी को सैनिटाइज किया गया।

कॉलोनी के मुख्य मार्ग को सीज कर सभी को घरों के अंदर रहने की हिदायत दी गई। वहींं सोमवार व मंगलवार को कोरोना के पांच नए मामले सामने आए थे। इनमें से एक संक्रमित सोमवार को व चार रोगी मंगलवार को पाए गए। सोमवार को पॉजिटिव मिला युवक मुंबई से राजधानी में सरोजनीनगर के दारोगाखेड़ा स्थित अपनी ससुराल में चार लोगों के साथ पहुंचा था। जहां बाहर से आए साथियों को भी छुपा लिया। इनके आने की ग्रामीणों को भनक तक नहीं लगी। तबीयत बिगड़ने पर निजी लैब से जांच कराई। कोरोना पॉजिटिव निकलने पर पूरे गांव में हड़कंप मच गया। बाद में दामाद को लोकबंधु अस्पताल में आइसाेलेट किया गया। मंगलवार को ग्राम प्रधान की मौजूदगी में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ससुरालीजन समेत 10 लोगों का नमूना लेकर जांच को भेजा। जिस घर में कोरोना मरीज मिला है। वहां परचून की दुकान भी है, जोकि हर रोज खुल रही थी। माना जा रहा है कि वहां भी युवकों का आना-जाना हो सकता है।

बुधवार तक ससुरालीजन की रिपोर्ट भी आ सकती है। यदि उनकी भी रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई तो गांव में भी संक्रमण फैल सकता है। इससे ग्रामीण दहशत में हैं।अहमदाबाद से आकर क्वारंटाइन में रह रहे एक अन्य व्यक्ति की रिपोर्ट भी मंगलवार को पॉजिटिव आई है। इसके साथ ही गोमती नगर निवासी एक महिला व एक पुरुष की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। निशातगंज में भी एक व्यक्ति संक्रमित मिला है। इस प्रकार मंगलवार को चार नए केस सामने आए हैं। सीएमओ डॉक्टर नरेंद्र अग्रवाल ने बताया कि गोमती नगर के व्यक्ति के बारे में बरेली या अलीगढ़ से आने की जानकारी मिल रही है। वहीं कहीं रहकर ड्यूटी कर रहा था। इसके अलावा विरामखंड में पॉजिटिव महिला के भी दिल्ली से आने की जानाकारी प्राप्त हो रही है।

जबकि एक व्यक्ति अहमदाबाद से आने के बाद क्वारंटाइन था। उसकी रिपोर्ट पॉजटिव मिली है। 112 के लिए नमूने मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कोटवा छठा मील बीकेटी क्षेत्र का भ्रमण किया। सर्विलांस व कांटैक्ट ट्रैसिंग के आधार पर विभिन्न जगहों से कुल 112 संदिग्धों के नमूने लिए गए। वहीं गोंडा में तीन और कोरोना पॉजिटिव केस की पुष्टि हुई है। बुधवार की सुबह आई 15 सैंपल्स की रिपोर्ट में 03 नए कोरोना पॉजिटिव मरीज म‍िले हैं, जबकि 12 सैंपल निगेटिव आए हैं। पॉजिटिव आए मरीजों में एक व्यक्ति नगर क्षेत्र, एक नवाबगंज ब्लॉक तथा एक मोतीगंज क्षेत्र का रहने वाला है। इनमें 02 व्यक्ति मुम्बई से आए थे। बहराइच में डीसीएम हादसे के शिकार हुए मुंबई से लौट रहे प्रवासियों की मदद करने वाले सिपाही, नर्स व संपर्क में आए तीन लोग और कोरोना संक्रमित पाए गए हैं।

पुष्टि के बाद संक्रमितों को कोविड अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया है। संक्रमित के गांव को हॉटस्पॉट घोषित कर परिवार के सदस्य व 65 पुलिस कर्मियों समेत 250 के सैंपल जांच के लिए भेजा गया है। मुंबई से लाैट रहे प्रवासियों से भरी डीसीएम कुछ दिन पहले हादसे का शिकार हाे गई थी। वाहन में फंसे प्रवासी को फखरपुर थाने में तैनात सिपाही ने मदद की थी, जबकि डेडिकेटेड वार्ड में भर्ती घायल का नर्स ने इलाज किया था। इसके अलावा एक अन्य मुड़का गांव निवासी प्रवासी संक्रमित के संपर्क में आया था। बुखार की शिकायत पर इन लोगों का सैंपल जांच के लिए भेजा गया था। जांच में तीनों कोरोना संक्रमित पाए गए थे। पुष्टि के बाद थाने के 50 पुलिस कर्मी, 15 चिकित्सा कर्मी समेत 250 लोगों के सैंपल डॉ.राममनोहर लोहिया कैंसर इंस्टीट्यूट लखनऊ भेजा गया है। सीएमओ डॉ.एसके सिंह ने बताया कि मुड़का गांव को हॉटस्पॉट घोषित कर दिया गया है। गांव को आने-जाने वाले मार्ग बैरिकेडिंग कर रास्ता रोक दिया गया है। चिकित्सकीय टीम गांव के लोगों की स्क्रीनिंग कर रही है।