कृषि अनुदान से लाभान्वित किये गये 23.88 लाख किसान

Gorakhpur Zone UP

गोरखपुर।(www.arya-tv.com)  उत्‍तर प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि किसानों की स्थिति सुदृढ़ करने के लिए केंद्र व प्रदेश की सरकारें हर स्तर पर सहयोग कर रही हैं। सिर्फ प्रदेश में पिछले तीन वर्षों में डीबीटी कृषि अनुदान के तहत 23 लाख 88 हजार 403 किसानों को लाभान्वित किया गया है। इसके तहत 31 करोड़ रुपये का अनुदान दिया गया है।

UP में करीब 55 फीसद रोजगार कृषि क्षेत्र पर निर्भर

कृषि मंत्री दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के दीक्षा भवन में एफपीओ (कृषक उत्पादक संगठन) के प्रदेश स्तरीय सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में करीब 55 फीसद रोजगार आज भी कृषि क्षेत्र पर निर्भर हैं। एक लाख 25 हजार करोड़ रुपये से अधिक का खाद्यान्न उत्तर प्रदेश में पैदा होता है। यह देश की अर्थव्यवस्था का 33 फीसद है। खाद्यान्न की गुणवत्ता में सुधार कैसे हो, यह कृषि-उद्यमी राज्य बने, इस पर प्रदेश सरकार काम कर रही है। राज्य सरकार भूमि सुधार की दिशा में भी काम कर रही थी।

तैयार किये गये 73 एफपीओ

उन्‍होंने कहा कि भूमि सुधार के माध्यम से 132 व औषधीय खेती के जरिये 73 एफपीओ तैयार किया गया। फसल अवशेषों का निष्पादन कैसे हो, प्रदेश सरकार ने इस दिशा में भी काम किया है। ईंट भट्ठों में 20 फीसद बायोकोल का प्रयोग किया जाए, इसे अनिवार्य किया गया है। पुआल व फसल अवशेषों का इसमें उपयोग किया जा सकेगा। एफपीओ को भारत सरकार भी प्रोत्साहित कर रही है। प्रधानमंत्री ने इन्हें इनकम टैक्स के दायरे से मुक्त रखा है। यह एक तरह से किसानों की आय को दूना करना ही है। लखनऊ में जैविक उत्पादों के लिए शॉप खोली गई है। जल्द तीन ऑर्गेनिक रिटेल शॉप खोली जाएंगी। बताया कि वह ललितपुर जिले के प्रभारी मंत्री हैं। वहां उन्होंने जनसहयोग से एक निराश्रित गोआश्रय स्थल की स्थापना की है। 250 एकड़ में स्थापित यह गोआश्रय स्थल चैरिटेबल ट्रस्ट के रूप में चल रहा है।

100 एफपीओ को सीड प्रोसेसिंग प्लांट देने का होगा उद्देश्य

उन्होंने कहा कि प्रोत्साहन के लिए प्रदेश में 100 एफपीओ को सीड प्रोसेसिंग प्लांट देने का लक्ष्य रखा गया है। 12 आवेदन आ चुके हैं। इनमें से एक गोरखपुर का भी है। नाबार्ड के मुख्य महाप्रबंधक शंकर ए पांडेय ने विभिन्न योजनाओं पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में नगर विधायक डा.आरएमडी अग्रवाल, सहजनवा विधायक शीतल पाण्डेय, चौरीचौरा विधायक संगीता यादव, मंडलायुक्त जयंत नार्लिकर, जिलाधिकारी के.विजयेंद्र पाण्डियन, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डा.सुनील कुमार गुप्त, संयुक्त निदेशक कृषि डा.ओमवीर सिंह, उप निदेशक कृषि संजय सिंह, जिला कृषि अधिकारी अरविंद चौधरी आदि मौजूद रहे।