यूपी विधानसभा चुनाव 2022: सत्ता पक्ष रिकार्ड बनाने का करेगा प्रयास, विपक्ष के लोगों ने बोली ये बात

Prayagraj Zone UP

(www.arya-tv.com)यूपी विधानसभा चुनाव 2022 के सियासी समर की दुंदुभी बज चुकी है। सभी दल एड़ी चोटी का जोर लगा रहे हैं। भाजपा अपने पिछले रिकार्ड 12 में से आठ सीटों को जीत कर दोबारा परचम लहराना चाहेगी तो सपा और बसपा भी मजबूत चुनौती देने की जोड़ तोड़ में लगे हैं। इन सब के साथ आम आदमी पार्टी, ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन व जनसत्ता दल लोकतांत्रिक जैसे क्षेत्रीय दल भी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराने की फिराक में हैं। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कुछ दलों ने कुछ सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा भी कर दी है। इस लिहाज से कह सकते हैं कि वह एक कदम आगे चल रहे हैं।

विधानसभा चुनाव 2017 में जीत के आंकड़े

अतीत में झांके तो 2017 के विधानसभा चुनाव में शहर की तीनों विधानसभा सीट इलाहाबाद उत्तरी, दक्षिणी और पश्चिमी भाजपा की झोली में आई थीं। इन पर क्रमश: हर्षवर्धन वाजपेई, नंद गोपाल गुप्त नंदी व सिद्धार्थनाथ सिंह ने जीत दर्ज की थी। इन्होंने क्रमश: कांग्रेस से अनुग्रह नारायण सिंह, सपा के हाजी परवेज अहमद टंकी व सपा की ऋचा सिंह को शिकस्त दी थी। इसके अतिरिक्त बारा में भाजपा के डा. अजय कुमार ने सपा के अजय भारतीया, मेजा में भाजपा की नीलम करवरिया ने सपा के राम सेवक पटेल, कोरांव में भाजपा के राजमणि कोल ने कांग्रेस के राम कृपाल को भारी अंतर से हराया था।