भाजपा के टिकट पर सुल्तानपुर से ED के जॉइंट डायरेक्टर राजेश्वर सिंह लड़ सकते हैं चुनाव

# ## Lucknow

(www.arya-tv.com) कानपुर के पुलिस कमिश्नर असीम अरुण के बाद अब प्रवर्तन निदेशालय (ED) के जॉइंट डायरेक्टर राजेश्वर सिंह ने भी राजनीति में एंट्री कर ली है। उनका VRS (स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति) केंद्र सरकार ने स्वीकार कर लिया है। इसकी जानकारी उन्होंने खुद सोशल मीडिया पर पत्र शेयर करके दी है। उन्होंने पत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्ड़ा और यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त किया है।

सुल्तानपुर से  लड़ सकते हैं चुनाव

जल्द ही राजेश्वर सिंह के भाजपा में शामिल होने की तैयारी है, इसके बाद वह गृह जनपद सुल्तानपुर से चुनाव लड़ सकते हैं। राजेश्वर सिंह ने करीब 24 वर्षों की सरकारी सेवा के बाद राजनीति में आने का निर्णय लिया है।राजेश्वर सिंह 10 सालों तक UP में PPS अधिकारी रहे। ED में केंद्रीय प्रतिनियुक्ति में जाने के बाद उन्होंने बहुचर्चित 2G घोटाले, अगस्ता वैस्टलैंड हेलिकॉप्टर डील, एयरसेल मैक्सिस घोटाले की जांच की थी। इसमें उनको कई दिक्कतों का सामना करना पड़ा था। यूपी के जोनल ऑफिस का जॉइंट डायरेक्टर बनने के बाद उन्होंने खनन, स्मारक घोटाला, गोमती रिवर फ्रंट घोटाले की जांच की। ईडी में अपने कार्यकाल के दौरान घोटालेबाजों की करीब चार हजार करोड़ से अधिक की संपत्तियों को जब्त किया। उनकी पत्नी लक्ष्मी सिंह लखनऊ रेंज की IG हैं। उनके परिवार के कई सदस्य केंद्र और यूपी सरकार में वरिष्ठ पदों पर हैं।