ब्रिटिश PM ने कहा- नया वैरिएंट अनलॉक प्रोग्राम में खलल डाल सकता है; WHO बोला- भारत में हालात चिंताजनक

Health /Sanitation International

(www.arya-tv.com)ब्रिटेन में लॉकडाउन में ढील देने के प्लान को लेकर प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने शुक्रवार को चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि भारत में पाए गए कोरोना वैरिएंट की वजह से ब्रिटेन को अनलॉक करने के प्लान में रुकावटें पैदा हो सकती हैं। इंग्लैंड पहले से निर्धारित योजना के तहत सोमवार को देश को फिर से खोलने पर अगला कदम उठाएगा। जॉनसन ने कहा कि मुझे नहीं लगता कि हमें अपने रोडमैप में देरी करने की जरूरत है।

वहीं, भारत में कोरोना के हालात पर वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गेनाइजेशन (WHO) ने एक बार फिर चिंता जाहिर की है। WHO चीफ टेड्रोस एडेनहोम घेब्रिसियस ने जोर देकर कहा कि भारत में कोरोना की स्थिति काफी चिंताजनक है। पूरी दुनिया के लिए महामारी का दूसरा दौर ज्यादा जानलेवा साबित होने वाला है।

50+ उम्र के लोगों को दूसरा डोज जल्द : ब्रिटिश PM
ब्रिटेन के स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि B1.617.2 वैरिएंट उत्तर पश्चिमी इंग्लैंड और लंदन में फैलने लगा है। सरकार इससे बचाव के हरसंभव प्रयास कर रही है। जॉनसन ने कहा कि टीके की दूसरी खुराक 50 से अधिक उम्र के लोगों और गंभीर बीमारी से ग्रसित लोगों को जल्द से जल्द दी जाएगी।

भारत पर करीब से नजर रख रहे : WHO
WHO ने कहा कि भारत में कोरोना की स्थिति काफी खराब है। कई राज्यों में मामले काफी तेजी से बढ़ रहे हैं, अस्पताल में भी कई मरीज एडमिट हो रहे हैं। मौतें भी हो रही हैं। स्वास्थ्य संगठन ने बताया कि उनकी टीम भारत के हालात को काफी करीब से देख रही है और हर जरूरी मदद समय रहते पहुंचाई जा रही है। WHO की मदद से भारत में कई ऑक्सीजन कंसंट्रेटर भेजे गए हैं। कई दूसरी मेडिकल उपकरणों की भी सप्लाई की जा रही है।

दुनिया में 6.97 लाख नए केस
दुनिया में कोरोना में मामले लगातार बढ़ रहे हैं। बीते दिन दुनिया में 6 लाख 97 हजार 756 कोरोना संक्रमितों की पहचान हुई और 12,829 की मौत भी हुई। सबसे ज्यादा मामले अब भी भारत में रिकॉर्ड किए जा रहे हैं। यहां बीते 24 घंटे में 3.26 लाख नए केस आए और 3,879 लोगों की मौत हुई। भारत के बाद ब्राजील में 84,486 नए केस आए और 2,189 की मौत हुई।

अब तक 16.10 करोड़ केस
दुनिया में कोरोना के अब तक 16.25 करोड़ से ज्यादा लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 33.71 लाख से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है, जबकि 14.14 करोड़ लोगों ने कोरोना को मात दी है। फिलहाल 1.87 करोड़ लोगों का इलाज चल रहा है। इनमें 1.86 करोड़ लोगों में कोरोना के हल्के लक्षण हैं और 1.03 लाख लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है।

टॉप-10 देश, जहां अब तक सबसे ज्यादा लोग संक्रमित हुए

देश संक्रमित मौतें ठीक हुए
अमेरिका 33,664,013 599,314 26,712,821
भारत 24,372,243 266,229 20,426,323
ब्राजील 15,521,313 432,785 14,028,355
फ्रांस 5,848,154 107,423 5,042,411
तुर्की 5,095,390 44,301 4,894,024
रूस 4,922,901 115,116 4,537,634
ब्रिटेन 4,446,824 127,668 4,273,441
इटली 4,146,722 123,927 3,683,189
स्पेन 3,604,799 79,339 3,297,340
जर्मनी 3,585,891 86,481 3,259,000