इस IPL टीम को खरीदने की सोच रहे हैं गौतम गंभीर

Game

IPL 2018 में दिल्ली कैपिटल्स की लगातार हार के बाद कप्तानी छोड़ने वाले गौतम गंभीर अब उसी टीम के मालिक बनने की सोच रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स की माने तो टीम इंडिया के पूर्व ओपनिंग बल्लेबाज गौतम गंभीर जल्दी ही दिल्ली कैपिटल्स (DC) टीम के सहमालिक बन सकते हैं।
दिल्ली कैपिटल्स में JSW स्पोर्ट्स और GMR ग्रुप के पास 50-50 फीसदी हिस्सेदारी है। ‘टाइम्स ऑफ इंडिया’ के मुताबिक गंभीर करीब दो महीने से इस बारे में से बात कर रहे हैं और दिल्ली कैपिटल्स में 10 फीसदी हिस्सेदारी खरीद सकते हैं, जिसकी कीमत करीब 100 करोड़ रुपये है।
JSW स्पोर्ट्स ने इस टीम में पिछले साल ही 550 करोड़ रुपये में 50 फीसदी हिस्सेदारी अपने नाम की थी और इसके बाद उसने इस टीम का नाम दिल्ली डेयरडेविल्स से बदलकर दिल्ली कैपिटल्स कर दिया था। सूत्रों ने जानकारी दी है कि इस बारे में डील पक्की हो चुकी है और अब सिर्फ IPL गवर्निंग काउंसिल से मंजूरी मिलने का इंतजार है।
हालांकि गौतम गंभीर की ओर से इस बारे में अबतक कुछ भी नहीं कहा गया है। दूसरी ओऱ दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने यह साफ किया है कि इस बारे में बातचीत जारी है और सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद इसकी जानकारी सार्वजनिक की जाएगी।