यूपी के संतकबीरनगर में युवक की गर्दन काटी, भीड़ ने आरोपी के घर और गुमटी फूंकी

# ## UP

यूपी के संतकबीरनगर में छेड़खानी के विरोध करने पर गुरुवार रात एक युवक की धारदार हथियारों से गला रेत कर हत्या कर दी गई। मामला बखिरा थाना क्षेत्र के बभनी चौराहे का है। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया। इस सनसनीखेज वारदात के बाद इलाके में तनाव फैल गया। घटना के बाद परिजनों और आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर हंगामा किया

इलाके में तनाव का माहौल, भारी पुलिस फोर्स तैनात

जानकारी मिली है कि ग्रामीणों ने एक गुमटी और आरोपी के घर में आग लगा दी। आरोपी समुदाय विशेष का बताया जा रहा है। इलाके में तनाव को देखते हुए तीन जनपदों की भारी पुलिस फोर्स तैनात कर दिया गया। सूचना मिलते ही एडीजी, अशोक मुथा जैन, डीईजी संजीव त्यागी, एसपी संदीप कुमार मीणा और डीएम आलोक कुमार भी मौके पर पहुंचे।  परिजन आरोपी के इनकाउंटर की मांग पर अड़े रहें। कड़ी कार्रवाई का आश्वाशन देकर अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया। पुलिस ने देर रात शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश में जुटी है।

भांजी से छेड़खानी का विरोध किया, इसी के बाद मान ली रंजिश

जानकारी मिली है कि कुछ दिन पहले एक शादी समारोह में मृतक की भांजी से आरोपी नासीर छेड़खानी कर रहा था। इसका आनंद ने विरोध किया था। इसी रंजिश में धारदार हथियार से हत्या कर दी। हालांकि पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच पड़ताल कर रही है। तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है। वहीं मृतक के परिजनों की मांग है कि आरोपी का घर बुलडोजर से गिराया जाए।

पत्नी बोली, जान के बदले जान चाहिए

पता चला है कि मृतक आनंद (30) वर्ष पुत्र इंद्रेश कोलकी चमरसन गांव का रहने वाला था। प्रत्यक्षदर्शी और मृतक के चचेरे भाई रोहित ने बताया कि आनंद टाइल्स लगाने का काम करता था। वह मशीन देने के लिए बभनी चौराहे पर आया था। उसके बाद कुछ सामान खरीदकर वह घर वापस लौट रहा था। इसी दौरान पास के गांव का रहने वाला नासिर अली वहां पहुंचा और नासिर ने आनंद की गर्दन पर धारदार हथियार से उसका गला रेत दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना में कुछ और लोग भी शामिल थे। मृतक की पत्नी मीना ने कहा कि हमको जान के बदले जान चाहिए और कुछ नहीं।

आरोपी घटना के बाद हो गया फरार

वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। रोहित ने बताया कि मुख्य आरोपी नासिर अली है। परिजनों ने हत्यारोपी के एनकाउंटर की मांग की है। हत्या की वजह दोनों के बीच पुराना विवाद बताया जा रहा है। तनाव को देखते हुए मौके पर पहुचे पुलिस प्रशासन के आलाधिकारियों ने घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों को आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वसन दिया। पूरे मामले में एसपी संदीप कुमार मीणा ने बताया कि बखिरा थाना क्षेत्र के बभनी चौराहे पर आनंद का नासिर ने गला रेत कर बेरहमी से हत्या कर दिया।