देवरिया: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज यानी की शनिवार को देवरिया के मझौलीराज दौरे पर हैं। यहां वह सलेमपुर और भाटपाररानी विधानसभा क्षेत्रों से जुड़ी करीब 305 करोड़ रुपए की 80 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर मझौलीराज में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। कार्यक्रम स्थल और आसपास के इलाकों में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। पिछले दो दिनों से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लगातार रिहर्सल भी चल रही है।
एसपी ने सुरक्षा ड्यूटी में लगे पुलिसकर्मियों को किया ब्रीफ
पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर की देखरेख में शुक्रवार शाम मुख्यमंत्री की सुरक्षा ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को ब्रीफिंग दी गई। इस दौरान सभी पुलिसकर्मियों को उनके निर्धारित ड्यूटी प्वाइंट और जिम्मेदारियों के बारे में जानकारी दी गई।
एसपी ने अधिकारियों और कर्मचारियों को तय स्थान पर समय से पहुंचने और पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। साथ ही किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई और वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना देने को कहा गया।
1 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। सुरक्षा ड्यूटी में चार अपर पुलिस अधीक्षक, 10 क्षेत्राधिकारी, 36 थानाध्यक्ष एवं निरीक्षक, 150 उपनिरीक्षक, 150 महिला पुलिसकर्मी और 600 पुरुष पुलिसकर्मी लगाए गए हैं।
इसके अलावा दो कंपनी पीएसी, ट्रैफिक पुलिस और आर्म्ड फोर्स को भी सुरक्षा व्यवस्था में तैनात किया गया है। गैर जनपदों से एएसपी और सीओ स्तर के अधिकारियों को भी बुलाया गया है।
हेलीपैड से कार्यक्रम स्थल तक रहेगा सुरक्षा घेरा
एसपी ने कार्यक्रम स्थल, हेलीपैड, प्रवेश एवं निकास मार्ग, बैरिकेडिंग, वीवीआईपी मूवमेंट और पार्किंग स्थलों की सुरक्षा को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिसकर्मियों को संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी आकस्मिक स्थिति में उच्चाधिकारियों को तुरंत सूचना देने और आपसी समन्वय के साथ काम करने पर भी जोर दिया गया है।
जाम से निपटने के लिए यातायात प्लान तैयार
मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए यातायात व्यवस्था को भी व्यवस्थित किया गया है। वाहनों को केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर खड़ा कराने और कार्यक्रम स्थल के आसपास जाम की स्थिति नहीं बनने देने के निर्देश दिए गए हैं।
गैर जनपदों से आए पुलिस अधिकारी स्थानीय पुलिस अधिकारियों के साथ मिलकर भीड़ नियंत्रण और वीवीआईपी रूट की निगरानी करेंगे।
305 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सलेमपुर और भाटपाररानी विधानसभा क्षेत्रों से जुड़ी करीब 305 करोड़ रुपये की 80 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इन परियोजनाओं में सड़क, पुल समेत विभिन्न विकास कार्य शामिल हैं।
प्रमुख परियोजनाओं में नवलपुर में छोटी गंडक नदी पर 36.66 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला पुल शामिल है।
इसके अलावा 15.86 करोड़ रुपये की लागत से भाटपाररानी-टीकमपार-रतसिया-प्रतापपुर मार्ग का चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण कराया जाएगा।
वहीं 22.37 करोड़ रुपये की लागत से सलेमपुर-बरठा बरेजी मार्ग का चौड़ीकरण होगा। 19.11 करोड़ रुपये से सलेमपुर-लार मार्ग और लार बाईपास के 9.300 किलोमीटर हिस्से का चौड़ीकरण कराया जाएगा।
इसके अलावा 11.22 करोड़ रुपये की लागत से भागलपुर-तुर्तीपार-धरहरा-डुमरी-खरवनिया मार्ग के चौड़ीकरण का काम भी प्रमुख परियोजनाओं में शामिल है।
सुरक्षित और शांतिपूर्ण आयोजन पर प्रशासन का फोकस
प्रशासन की प्राथमिकता मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने की है। साथ ही कार्यक्रम में पहुंचने वाले लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए भी आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
सुरक्षा ड्यूटी में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को हर परिस्थिति में सतर्क रहने तथा किसी भी अप्रिय या आकस्मिक स्थिति की जानकारी तत्काल उच्चाधिकारियों को देने के निर्देश दिए गए हैं।
