आगरा: जिले के इटौरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां एक महिला ने कथित रूप से अपने प्रेमी की होटल के अंदर हत्या कर दी। घटना दोपहर करीब 12 बजे इटौरा चौराहा स्थित एक होटल के कमरे में हुई। बताया जा रहा है कि प्रेमी-प्रेमिका के बीच झगड़े के बाद यह घटना सामने आई है। वहीं होटल संचालक की सूचना पर पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई। हत्या के बाद शव के पास ही महिला बैठी मिली। फिलहाल पुलिस ने महिला को हिरासत में ले लिया है। बताया जा रहा है कि महिला ने युवक का सिर कूचने के बाद गला भी काट दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और हत्या के कारणों की पड़ताल की जा रही है।
दोनों एक साथ पहुंचे थे होटल
जानकारी के अनुसार, फतेहपुर सीकरी निवासी युवक एक महिला के साथ होटल पहुंचा था। दोनों ने तीसरी मंजिल पर स्थित कमरे में प्रवेश किया। कुछ ही देर बाद दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया, जो अचानक हिंसक रूप ले बैठा। आरोप है कि महिला ने पहले युवक पर भारी वस्तु से हमला किया, जिससे वह बेहोश होकर गिर पड़ा। इसके बाद उस पर धारदार हथियार से वार किया गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद महिला ने खुद ही जोर-जोर से चिल्लाकर हत्या की बात कही। शोर सुनकर होटल कर्मचारी मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने महिला को हिरासत में लिया
सूचना मिलते ही पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और महिला को हिरासत में ले लिया। युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महिला विवाहित है और एक बच्चे की मां है। पुलिस को शक है कि घटना पूर्व नियोजित हो सकती है। मामले में महिला से पूछताछ जारी है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की गहन जांच के बाद ही पूरी सच्चाई सामने आ सकेगी।
