US व्हाइट हाउस से बड़ी खबर: डोनाल्ड ट्रंप के मुख्य AI सलाहकार भारतवंशी श्रीराम कृष्णन देंगे इस्तीफा

# ## International

वाशिंगटनः अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) संबंधी नीतियों को आकार देने वाले चेन्नई में जन्मे श्रीराम कृष्णन ‘व्हाइट हाउस’ (अमेरिकी राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास एवं कार्यालय) में वरिष्ठ नीति सलाहकार के पद से इस्तीफा देने वाले हैं। कृष्णन (42) ने माइक्रोसॉफ्ट, फेसबुक और ट्विटर (अब एक्स) में काम किया है। उन्होंने शनिवार को ‘एक्स’ पर एक पोस्ट के माध्यम से कृत्रिम बुद्धिमत्ता के वरिष्ठ नीति सलाहकार के पद से इस्तीफा देने की घोषणा की।

कृष्णन ने कहा, ”मैं इस महीने के अंत में ‘व्हाइट हाउस’ में अपना पद छोड़ रहा हूं। कुछ समय के विराम के बाद मैं अमेरिका के सामने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) से जुड़ी कुछ बड़ी चुनौतियों से निपटने में मदद करने के लिए काम करूंगा (इस बारे में बाद में और जानकारी दूंगा)।” कृष्णन ट्रंप प्रशासन की ”एआई एक्शन प्लान” के मुख्य सूत्रधार थे। उन्होंने उभरती हुई तकनीक के नियमों को कम करने और देश भर में डेटा केंद्रों के विस्तार को बढ़ावा देने के लिए एक खाका तैयार किया था। वह ट्रंप के उन तकनीकी सलाहकारों में भी शामिल थे जिन्होंने राज्यों की एआई को विनियमित करने की क्षमता को सीमित करने वाला एक कार्यकारी आदेश तैयार किया था।

कृष्णन ने कहा, ”अमेरिकी जनता की सेवा करना मेरे लिए कितना बड़ा सौभाग्य रहा है, इसे शब्दों में व्यक्त करना कठिन है और इस अवसर के लिए मैं कितना आभारी हूं। सबसे पहले और सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नेतृत्व में सेवा करना मेरे लिए सम्मान की बात है। उनके नेतृत्व के बिना हम एआई की दौड़ में आगे नहीं होते।” ‘व्हाइट हाउस’ में कृष्णन के करीबी सहयोगी डेविड सैक्स ने कहा कि पिछले 18 महीनों में उनके साथ इतने करीब से काम करना मेरे लिए एक बड़ा सौभाग्य रहा है।