नई दिल्ली: संसद मार्च और छात्र आंदोलन के बीच वायरल हुए एक वीडियो के बाद कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने अपने प्रवक्ता विजेता दहिया के खिलाफ बड़ा कदम उठाया है। पार्टी ने उन्हें तत्काल प्रभाव से प्रवक्ता पद से हटाते हुए सभी आधिकारिक जिम्मेदारियों से मुक्त कर दिया है।
CJP ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जारी बयान में कहा कि संगठन अपने सिद्धांतों और आंदोलन के मूल्यों से किसी भी तरह का समझौता नहीं करेगा। पार्टी के अनुसार, जिस समय प्रदर्शनकारी और संगठन के कार्यकर्ता आंदोलन के दौरान पुलिस कार्रवाई का सामना कर रहे थे, उसी दौरान विजेता दहिया का एक वीडियो सामने आया, जिसे पार्टी ने असंवेदनशील आचरण बताया।
पार्टी ने बताया अस्वीकार्य व्यवहार
अपने आधिकारिक बयान में CJP ने कहा कि दहिया का व्यवहार न केवल गंभीर निर्णयहीनता को दर्शाता है, बल्कि संगठन के उद्देश्य, विचारधारा और आंदोलन की भावना के भी विपरीत है। इसी आधार पर उन्हें प्रवक्ता पद सहित सभी जिम्मेदारियों से तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया।
बर्गर खाते हुए वीडियो हुआ वायरल
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में विजेता दहिया एक फास्ट फूड आउटलेट पर बर्गर खाते दिखाई दिए। वीडियो में उनसे संसद मार्च में शामिल न होने को लेकर सवाल पूछा गया।
दहिया ने दिया यह जवाब
वीडियो में विजेता दहिया ने कहा कि उन्हें भूख लगी थी, इसलिए उन्होंने बर्गर खाया। उन्होंने यह भी कहा कि वह किसी के लिए बाध्य नहीं हैं और प्रदर्शन स्थल पर मौजूद रहना उनकी जिम्मेदारी नहीं है। साथ ही उन्होंने कहा कि वह राजनीति में नहीं जाना चाहते और किसी को खुश करने के लिए प्रदर्शन में शामिल होने की आवश्यकता नहीं समझते।
दहिया के इसी बयान और वायरल वीडियो के बाद सोशल मीडिया पर उनकी आलोचना शुरू हो गई, जिसके बाद CJP ने संगठनात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें पद से हटा दिया।
