किसानों को कहां लाकर खड़ा कर दिया:वरुण

# ## National

(www.arya-tv.com)लखीमपुर खीरी के मोहम्मदी तहसील के किसान समोध सिंह ने शुक्रवार को अपनी धान की फसल को आग लगा दी थी। मंडी में उनका धान 15 दिनों से रखा था, लेकिन बिक नहीं रहा था। इस मामले में पीलीभीत से भाजपा सांसद वरुण गांधी ने ट्वीट किया है। वरुण ने कहा, कृषि नीति पर पुनर्चिंतन आज की सबसे बड़ी ज़रूरत है।

वरुण गांधी ने ट्वीट में लिखा कि किसान समोध सिंह पिछले 15 दिनों से अपनी धान की फसल को बेचने के लिए मंडियों में मारे-मारे फिर रहे थे। जब धान बिका नहीं तो निराश होकर इसमें स्वयं आग लगा दी। इस व्यवस्था ने किसानों को कहां लाकर खड़ा कर दिया है? कृषि नीति पर पुनर्चिंतन आज की सबसे बड़ी ज़रूरत है।योगी सरकार ने कृषि निर्यात नीति-2019 में संशोधन किए जाने के प्रस्ताव को एक दिन पहले ही स्वीकृति दे दी है। कृषि उत्पादों के निर्यात को बढ़ाकर किसानों के उत्पादों को बेहतर मूल्य दिलाने के उद्देश्य से यूपी कृषि निर्यात नीति-2019 बनाई गई है। किसानों के हित में कृषि उत्पादों के निर्यात को सरल एवं सुगम बनाने के लिए नीति में विभिन्न संशोधन किए गए हैं।ललितपुर में खाद के लिए लाइन में खड़े किसान भोगीलाल की शुक्रवार को मौत हो गई थी। वह 2 दिन से लाइन में भूखे ही खड़े थे। इस मामले में प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर भाजपा सरकार को घेरा है। प्रियंका ने कहा कि उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार किसानों को प्रताड़ित करने में कोई कसर नहीं छोड़ रही है। किसान की लाइन में खड़े-खड़े मौत हो गई।

प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर लिखा कि धान खरीदारी में कुव्यवस्था के चलते लखीमपुर के एक किसान को मंडी में पड़े धान में आग लगानी पड़ी। ललितपुर के एक किसान की लाइन में खड़े-खड़े मृत्यु हो गई। उप्र की भाजपा सरकार किसानों को प्रताड़ित करने में कोई कसर नहीं छोड़ रही है।

घटना पर पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भी ट्वीट करके दुख जताया था। अखिलेश ने कहा कि भाजपा के राज में खाद की कमी ने बेहद दर्दनाक मोड़ ले लिया है। शुक्रवार को ललितपुर में 2 दिनों से खाद की लाइन में लगे एक किसान की मृत्यु का दुखद समाचार मिला है। सरकार तुरंत किसान के परिवार के लिए मुआवजे का ऐलान करे।