ताइवान पर US-चीन में जंग का खतरा:बाइडेन की वॉर्निंग के बावजूद हमला कर सकता है ड्रैगन

# ## International

(www.arya-tv.com)  अमेरिकी संसद की स्पीकर नैंसी पेलोसी ताइवान विजिट पर जा रही हैं। चीन इसको लेकर बेहद परेशान है और लगातार अमेरिका को गंभीर नतीजे भुगतने की धमकी दे रहा है। पेलोसी की ताइवान विजिट की तारीख तो तय नहीं है, लेकिन माना जा रहा है कि वो अगस्त के पहले हफ्ते में ताइवान जा सकती है।

अगर ऐसा होता है तो 1997 के बाद पहली बार (25 साल बाद) अमेरिका का इतना बड़ा ओहदेदार इस देश की यात्रा करेगा। चीन हमेशा से ताइवान को अपना हिस्सा बताता है। दूसरी तरफ, ताइवान खुद को लोकतंत्र और आजाद मुल्क मानता है। अमेरिका किसी भी सूरत में ताइवान को चीन के हाथों में जाते नहीं देख सकता। यही टकराव की वजह भी है।

बहरहाल, रूस के यूक्रेन पर हमले के बाद अब माना जा रहा है कि चीन भी पुतिन की राह पर चल सकता है। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने चीन को धमकी दी। कहा- अगर चीन ताइवान पर हमला करता है तो अमेरिका भी मिलिट्री एक्शन लेगा। सवाल ये उठता है कि क्या हकीकत में अमेरिका चीन को रोक पाएगा…

इसका जवाब है- शायद नहीं। इसकी दो वजह हैं-

  1. अमेरिका सिर्फ चीन को ताइवान पर हमला करने से रोकना चाहता है। अमेरिका इतना चाहता है कि ताइवान के पास सैन्य और अन्य संसाधन इतने रहें कि चीन आक्रमण करने से कतराए।
  2. एक्सपर्ट्स का कहना है कि चीन के पास ज्यादा सैन्य ताकत है। चीन की आर्मी मिलिट्री व्हीकल के मामले में अमेरिका से आगे है। उसके पास ज्यादा टैंक, सैनिक और मिसाइलें भी पर्याप्त हैं। चीन की थल सेना में ही 3 कमांड हैं-
  • हल्के वाहनों के जरिए भेजी जा सकने वाली यूनिट
  • भारी-भरकम मशीनों के साथ भेजे जाने वाली टुकड़ी
  • बख्तरबंद गाड़ियों के साथ भेजे जाने वाली यूनिट

ऐसे में चीन ताइवान पर कब्जा करने में कामयाब हो सकता है। कुछ महीने पहले अमेरिकी आर्मी की तरफ से चीन की पीपुल्स लिबरेशन आर्मी से जुड़े डॉक्युमेंट्स जारी किए गए थे। इसके मुताबिक, चीनी सरकार 2035 तक अपने सभी पुराने हथियार बदलना चाहती है।

ताइवान पर कब हमला करेगा चीन?
यूनिवर्सिटी ऑफ लंदन के एसओएस चाइना इंस्टीट्यूट के डायरेक्टर प्रो. स्टीव त्सांग कहते हैं- शी जिनपिंग को जिस दिन लगेगा कि वह अमेरिका को हरा सकते हैं, तब ही हमला होगा। युद्ध 2030 से 2035 के बीच कभी हो सकता है। हालांकि, ये चीन के लिए भी खूनी संघर्ष साबित होगा। एक्सपर्ट्स का मानना है कि इसके परिणाम सेकेंड वर्ल्ड वॉर से भी ज्यादा खतरनाक होंगे।

किन तरीकों से हमला कर सकता है चीन?

  • समुद्र के रास्ते

चीन अपनी नेवी का फायदा उठाते हुए समुद्र के रास्ते ताइवान पर हमला कर सकता है। चीन की नेवी के पास 360 कॉम्बेट शिप हैं। अमेरिका के पास 300 से कम हैं। चीन के पास एडवांस मर्चेंट फ्लीट और कोस्ट गार्ड भी है। एक्सपर्ट्स का कहना है कि चीनी सेना के पास कुछ ऐसे बोट्स भी हैं जो अनऑफिशियली सेना की मदद करती हैं। इनसे सैकड़ों सैनिक को जहाजों तक पहुंचने में मदद मिल सकती है। इसके अलावा हजारों टैंक्स, गन, मिसाइलें, बख्तरबंद वाहन, रॉकेट लॉन्चर्स को भी ले जाया जा सकता है।

  • एयर पावर

चीन की एयर फोर्स के पास एडवांस जेट्स हैं। ऐसे में यूक्रेन पर रूसी हमले से सीख लेते हुए चीन, ताइवान पर कब्जा करने के लिए सीधे हवाई हमले करने का ऑप्शन चुनेगा। रूस-यूक्रेन जंग को करीब पांच महीने हो गए हैं, लेकिन रूसी सैनिक यूक्रेन के आधे हिस्से पर भी कब्जा नहीं कर पाए हैं।

जीत के लिए लंबा रास्ता अपनाएगा चीन
सेंटर फॉर न्यू अमेरिकन सिक्योरिटी का कहना है कि अगर ताइवान को बचाने के लिए चीन और अमेरिका के बीच जंग छिड़ती है, तो ये कुछ वक्त बाद गतिरोध में बदल जाएगी। ताइवान न्यूज के मुताबिक, चीन ताइवान के नेतृत्व को तेजी से गिराने की कोशिश करेगा। ऐसा करने पर, यह जापान और गुआम में अमेरिकी ठिकानों पर पहले हमला कर देगा। जिसके बाद अमेरिका चीनी बंदरगाहों पर हमला करेगा और अपने सहयोगियों को एकजुट करके जवाब देगा।

ऐसा करके चीन को नए सिरे से ताइवान पर हमला करने का वक्त मिल जाएगा। यानी आधी सेना अमेरिका से लड़ेगी और बाकी सेना ताइवान पर हमले करने के नए मौके तलाशेगी। NBC न्यूज ने वॉशिंगटन स्थित सेंटर फॉर ए न्यू अमेरिकन सिक्योरिटी (CNAS) के एक्सपर्ट्स का हवाला देते हुए कहा- शुरुआती जंग में बीजिंग और वॉशिंगटन के फायदे में होनी की संभावनाएं कम हैं। ऐसे में ये जंग लंबी खिंचेगी। शायद उसी तरह, जिस तरह हम यूक्रेन-रूस के मामले में देख रहे हैं।