उत्तर प्रदेश में मानसून की एंट्री होने ही वाली है. संभावना है कि शाम तक प्रदेश में मानसून की बारिश शुरू हो जाएगी. वहीं अगले दो दिनों में मानसून पूरे प्रदेश को कवर कर सकता है. भारतीय मौसम विभाग ने प्रदेश के 26 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. इस दौरान 30 से अधिक जिलों आंधी-तूफान चलने और आकाशीय बिजली गिरने की भी चेतावनी जारी की है. हालात को देखते हुए मौसम विभाग ने इन सभी जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.
मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र से जारी ताजा बुलेटिन के मुताबिक आज यूपी के महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, कुशीनगर, देवरिया, बलिया समेत 26 जिलों में भारी बारिश हो सकती है. इसी प्रकार प्रयागराज, वाराणसी, मिर्जापुर, गाजीपुर, आजमगढ़ समेत 29 जिलों में आकाशीय बिजली गिरने का खतरा है. मौसम विभाग के मुताबिक यह स्थिति मानसून आने के पहले की हैं. वहीं शाम तक मानसून की बारिश सोनभद्र जिले से शुरू हो सकती है.
पूर्वांचल में जमकर बरसे मेघ
सोमवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम तो बदला, लेकिन कहीं-कहीं और हल्की फुल्की ही बारिश हुई. जबकि पूर्वांचल के ज्यादातर जिलों में जमकर बारिश हुई है. खासतौर पर बहराइच में भारी बारिश दर्ज की गई है. यहां सर्वाधिक 104 मिमी और श्रावस्ती जिले में 80 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई है. उधर, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में गर्मी ने सोमवार को खूब तेवर दिखाया. यहां सर्वाधिक तापमान आगरा में देखा गया. मौसम विभाग के मुताबिक यहां अधिकतम तापमान 42.9 डिग्री सेल्सियस तक रिकॉर्ड हुआ है. जबकि अलीगढ़ 42 डिग्री और बांदा 41.2 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे.
इन जिलों में हो सकता है वज्रपात
मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक उत्तर प्रदेश में जुलाई के पहले हफ्ते में अच्छी बारिश हो सकती है. इसी क्रम में मंगलवार को कौशांबी, प्रयागराज, प्रतापगढ़, चित्रकुट, बांदा, मिर्जापुर, चंदौली, जौनपुर, आजमगढ़, बलिया, गोरखपुर, महाराजगंज, गोंडा, बहराइच आदि जिलों में बिजली कड़कने के साथ ही बिजली गिरने की भी घटनाएं हो सकती हैं. स्थिति को देखते हुए इन सभी जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.
