यूपी : मिर्जापुर में खौफनाक सड़क हादसा, चार वाहन आपस में टकराए, 11 लोगों की मौत से दहल गया इलाका

# ## UP

उत्तर प्रदेश का मिर्जापुर एक खौफनाक सड़क हादसे से थर्रा गया। ट्रक, ट्रेलर और स्विफ्ट कार और बोलेर आपस में टकराती गईं। टक्कर के बाद भयानक धमाका हो गया। गाड़ियों में सवार 11 लोगों की मौत हो गई। चीख-पुकार और भयानक मंजर के बीच घायलों को अस्पताल भेजा गया।

घटनाक्रम रीवा-मिर्जापुर हाईवे के ड्रमंडगंज घाटी का है। बीती रात एक्सिडेंट के बाद स्विफ्ट और बोलेरो में आग लग गई। हादसे में दो बच्चों के साथ 11 लोगों की मौत हो गई। घटना से पूरा इलाका दहल गया। आनन-फानन में राहत-बचाव अभियान चलाकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। उधर, घटना की खबर लगते ही मृतक परिवारों में कोहराम मच गया।

घटना उस वक्त हुई जब ड्रमंडगंज घाटी में गिट्टी लदा ट्रेलर ढलान की तरफ उतर रहा था। ट्रक के पीछे स्विफ्ट कार और उसके पीछे दूसरा ट्रक था। ट्रक के पीछे बोलेरो गाड़ी थी। बताते हैं कि बीच वाले ट्रक का ब्रेक फेल हो गया और उसने स्विफ्ट गाड़ी में टक्कर मार दी। इससे स्विफ्ट आगे चल रहे ट्रक से जा टकराई और इसके बाद बोलेरे भी कंट्रोल खो बैठी और सीधे टकरा गई। चार वाहनों के हादसे में बड़ी जनहानि सामने आई है।

डीएम पवन कुमार गंगवार, एसपी अपर्णा रजत कौशिक, सीओ अमर बहादुर समेत अन्य अधिकारी पुलिस-बल और राहत बचाव टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। घायलों को अस्पताल भेजा गया।

दोनों गाड़ियों में आग लगने से 11 वाहन सवारों की मौत हो गई। गुरुवार को मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम शुरू हुआ। पीएम हाउस पर भारी भीड़ लगी थी। परिवार वाले फूट-फूटकर रो रहे थे।

बताते हैं कि मृतकों के शव बुरी तरह झुलस गए थे। कुछ के चेहरे भी पहचान में नहीं आ रहे थे। ये मंजर दिल दहला रहा था। हर किसी की आंख नम थी और रिश्तेदार घरवालों को तसल्ली देने की कोशिश करते रहे।

ज्यादातर मृतक बोलेरे गाड़ी के हैं। इसमें नौ लोगों की मौत हुई है। एसपी के मुताबिक, शुरुआती जांच में पता लगा है कि ब्रेक फेल होने के कारण हादसा हुआ है और सभी वाहन आपस में टकराते गए।