कृषि मंत्री उपलब्धियां गिना रहे थे, प्रमुख सचिव ने ली नींद

Lucknow

(www.arya-tv.com)उत्तर प्रदेश में योगी सरकार के चार साल का कार्यकाल पूरा करने पर मंत्री विभागवार अपने कार्यों का लेखाजोखा जनता के सामने रख रहे हैं। इसी कड़ी में बुधवार को कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने किसानों के हित में किए गए कार्यों का हिसाब रखा। हालांकि इस दौरान एक दिलचस्प फोटो सामने आई। कृषि मंत्री ठीक बगल बैठे प्रमुख सचिव देवेश चतुर्वेदी सोते हुए नजर आए। उनकी फोटो सोशल मीडिया पर वायरल है। जिस पर यूजर्स अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं।

धर्मेंद्र तिवारी नाम के यूजर ने लिखा कि ये सो रहे हैं तभी तो किसान न दिन में सो पा रहा है न रात में। जानवर सब फसल बर्बाद कर देते हैं। वहीं, आदित्यराज सिंह ने लिखा कि यंग लोगों की जरुरत है। क्यों ऐसे लोगों को सचिव बनाए हुए हैं?

सपा ने यूरिया पर 5% टैक्स लगाया था

प्रेस कांफ्रेंस में कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि ये किसान समर्पित सरकार है। 2017 में जब सरकार बनी तो पहली कैबिनेट में लघु व सीमांत किसानों का कर्ज हमने माफ किया। बीते 4 वर्षों में हमने 66,557 करोड़ रुपए का धान और गेहूं की खरीदारी किसानों से की है। सरकार ने अब तक कुल 162 लाख 71 हजार मीट्रिक टन खरीदारी MSP पर की है, जो कि बीते 70 साल में एक रिकॉर्ड है।

सूर्य प्रताप शाही ने सपा सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि पिछली सरकार ने यूरिया पर पांच प्रतिशत टैक्स लगाया था। हमारी सरकार ने इस टैक्स को हटाया। कृषि मंत्री के अनुसार अब तक 27,332 करोड़ की धनराशि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि से किसानों के खाते में भेजी गई है। यह पहली बार है जब दलहन और तिलहन की खरीदारी प्रदेश सरकार ने की है। उत्तर प्रदेश गेहूं उत्पादन में पहले और धान उत्पादन में दूसरे स्थान पर है। इसके साथ ही आलू, गन्ना और दूध के उत्पादन में बढ़ोत्तरी हुई है।

यूपी सरकार ने कभी किसानों पर लाठी नहीं चलने दी

कृषि मंत्री ने कहा कि प्रदेश की योगी सरकार ने किसानों पर कभी लाठी नहीं चलने दी। हम उन्हें अन्नदाता से ऊर्जादाता बनाने पर भी काम कर रहे हैं। हमनें जापान और इजरायल के साथ एक्सीलेंस सेंटर शुरू किए। सपा शासनकाल में 10,151 सोलर पंप लगे थे। योगी सरकार ने 21,416 सोलर पम्प लगाए हैं। हमने अपने कार्यकाल में किसानों को हमेशा प्राथमिकता में रखा और अभी एक साल बाकी है।