कल्याण सिंह की 5वीं पुण्यतिथि पर कैंसर संस्थान में श्रद्धांजलि कार्यक्रम

Lucknow

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ जननेता स्वर्गीय कल्याण सिंह की 5वीं पुण्यतिथि के अवसर पर कल्याण सिंह अति विशिष्ट कैंसर संस्थान, लखनऊ में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। 21 अगस्त 2021 को स्वर्गीय कल्याण सिंह का निधन हुआ था।

कार्यक्रम में संस्थान के निदेशक प्रो. एम.एल.बी. भट्ट सहित चिकित्सकों, रेजिडेंट चिकित्सकों, नर्सिंग अधिकारियों एवं समस्त स्टाफ ने संस्थान परिसर में स्थापित स्वर्गीय कल्याण सिंह की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

इस अवसर पर निदेशक प्रो. एम.एल.बी. भट्ट ने कहा कि स्वर्गीय कल्याण सिंह का जीवन जनसेवा, सुशासन और राष्ट्रहित के प्रति समर्पण का प्रेरणादायी उदाहरण है। उत्तर प्रदेश के विकास में उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उन्होंने कहा कि कल्याण सिंह कैंसर संस्थान का नाम स्वयं उनके जनसेवा के आदर्शों की प्रेरणा देता है।

प्रो. भट्ट ने कहा कि कैंसर रोगियों को गुणवत्तापूर्ण, सुलभ और संवेदनशील उपचार उपलब्ध कराना तथा मरीजों की सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देना ही स्वर्गीय कल्याण सिंह के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वर्गीय कल्याण सिंह की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। साथ ही उनके आदर्शों, जनसेवा की भावना और समाज के प्रति समर्पण को आत्मसात करने का संकल्प लिया।