आगरा में गायत्री बिल्डर के 11 बैंक खाते कुर्क:3 खातों में मिले 18 लाख

# ## Agra Zone

(www.arya-tv.com) आगरा में फ्लैट बुकिंग के नाम पर धोखाधड़ी के आरोपी गायत्री डेवलपवेल कंपनी के मालिक हरिओम दीक्षित के 11 खातों को प्रशासन ने कुर्क कर दिया है। ये खाते आगरा, नोएडा और दिल्ली के बैंकों में है। हरिओम के आठ खातों में कोई धनराशि नहीं थी। जबकि तीन खातों से 18 लाख से ज्यादा वसूली हुई। गायत्री बिल्डर से भू संपदा विनियामक प्राधिकरण (रेरा) ने अप्रैल 2021 में बिल्डर से 69.16 लाख रुपए की वसूली के आदेश डीएम को दिए थे।

बता दें कि बकाएदारी नहीं चुकाने और वसूली में लापरवाही का आरोप लगाते हुए दो पीड़ितों ने हाईकोर्ट में प्रशासन के खिलाफ अवमानना की याचिका दायर की है। इसके बाद SDM सदर ने बिल्डर के 11 खातों को कुर्क किया है। प्रशासन की एक टीम 27 दिसंबर को नोएडा गई थी। जहां ICIC बैंक के तीन खातों में 18.78 लाख रुपए मिले। इन्हें तत्काल प्रशासन ने निकलवा लिया।

बिल्डर हरिओम दीक्षित पर रेरा के 69.16 लाख रुपए बकाया हैं। बताया कि बिल्डर की संपत्ति की तलाश हो रही है। बकाया राशि की वसूली के लिए संपत्तियां कुर्क व नीलाम की जाएंगी।

पति-पत्नी जा चुके हैं जेल

बिल्डर हरिओम दीक्षित और उनकी पत्नी कल्याणी दीक्षित दो साल पहले जेल जा चुके हैं। बिल्डर के खिलाफ आगरा के सिकंदरा, हरीपर्वत, ताजगंज, रकाबगंज सहित कई थानों में 12 मुकदमे दर्ज हैं। 25 से अधिक लोगों ने फ्लैट बुकिंग के नाम पर 10 करोड़ से अधिक हड़पने और धोखाधड़ी के आरोप लगाए हैं।

बैंक भी जब्त कर चुका है संपत्ति

बिल्डर द्वारा बैंक से लोन लेने के बाद उसे न चुकाने पर केनरा बैंक ने साल 2020 में शास्त्रीपुरम स्थित मनहर गार्डन में 27 फ्लैट का अधिग्रहण किया था। 3.68 करोड़ रुपए की संपत्ति कुर्क की गई। बकाया वसूली के लिए प्रशासन अब बिल्डर की और संपत्ति तलाश रहा है।