मेहनतकश समाज समस्याओं से ही जूझ रहा, प्रतापगढ़ में बोले राष्ट्रीय महासचिव

Prayagraj Zone

(www.arya-tv.com) प्रतापगढ़  देश का मेहनत कश समाज अपनी बुनियादी समस्याओं के निराकरण के लिए संघर्ष कर रहा है। इसके लिए वह लडऩा चाहता है तो इसके वोट को भावनात्मक आधार पर ले लिया जाता है। यह बातें नगर क्षेत्र के पूरे ईश्वरनाथ में अपनादल एस के कार्यकर्ताओं के सम्मेलन व सम्मान समारोह में बतौर मुख्य अतिथि पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं प्रदूषण बोर्ड उत्तर प्रदेश के सदस्य राजेंद्र प्रसाद पाल ने कही।

उन्होंने कहा कि डा. सोने लाल पटेल ने गांव, किसान, पिछड़ा व वंचित समाज के लोगों के हितों के संरक्षण के लिए लड़ाई शुरू की थी। उनके इस लड़ाई को पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल आगे बढ़ा रही हैं।

सभी सीटों पर मजबूती से लड़ना है चुनाव

राजेंद्र प्रसाद ने 2022 के विधानसभा चुनाव पर चर्चा करते हुए कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि कौन चुनाव लड़ेगा, कौन प्रत्याशी होगा, किस सीट पर कौन होगा, यह सोचना मेरा काम नहीं है। हमें सभी सीटों पर पूरी मजबूती के साथ तैयार रहना है। राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देश पर प्रत्याशी को विजयी बनाकर राष्ट्रीय नेतृत्व के झोली में डालना है। कार्यक्रम का शुभारंभ अपना दल के संस्थापक डा. सोने लाल पटेल के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। आयोजक सदर विधायक राजकुमार पाल ने कहा कि समूचे उत्तर प्रदेश में विभिन्न दलों के लोग विभिन्न तरीके से 2022 के चुनाव में लगे हैं लेकिन अपना दल एस का तरीका कुछ अलग ही है।

प्रतापगढ़ सदर सीट रहेगी अपना दल के ही खाते में

विधायक राजकुमार पाल ने कहा कि प्रतापगढ़ सदर की सीट अपना दल एस के खाते में रही है और आगे भी रहेगी। विधायक ने कहा कि कार्यकर्ताओं के एकजुटता के बल पर ही मिशन 2022 सफल होगा और अपना दल एस विधानसभा चुनाव में अपना परचम लहराएगा। श्रमिक मंच के प्रदेश अध्यक्ष मिथलेश सिंह पटेल ने कहा कि पार्टी की रीढ़ कार्यकर्ता होता है।

सम्मेलन को जिलाध्यक्ष बृजेश पटेल, विधि मंच के प्रदेश सदस्य परमानंद मिश्र, महिला मंच की प्रदेश सचिव लक्खू चौधरी, जीत लाल पटेल,ओम प्रकाश पटेल, समरजीत सिंह आदि ने संबोधित किया। संचालन बीएल सरोज ने किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं को सदर विधायक राजकुमार पाल एवं पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव राजेंद्र प्रसाद पाल ने अंगवस्त्रम भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर बालमुकुंद अंजाना, राजेश पटेल,शिशिर पाल, विधायक प्रतिनिधि अशोक पाल, बृजेश पटेल आदि रहे।