इरफान पर FIR कराने वाली नजीर के साथ हादसा:दीवार गिरी; अस्पताल में कराया गया भर्ती

# ## Kanpur Zone

(www.arya-tv.com) सपा विधायक इरफान सोलंकी के खिलाफ मोर्चा खोलने वाली नजीर फातिमा के साथ रविवार सुबह हादसा हो गया। जिस प्लॉट पर आगजनी हुई थी, उस प्लॉट में नजीर झोपड़ी बनाकर रहती थी। सुबह झोपड़ी की दीवार नजीर के ऊपर की गिर गई, जिससे नजीर को काफी चोटें आई हैं। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को अस्पताल में भर्ती कराया।

पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया
पुलिस के मुताबिक नजीर फातिमा के ऊपर ईंटों की दीवार गिर गई थी। दीवार की चुनाई नहीं कराई गई थी। तेज हवा के चलते दीवार गिरी। हालांकि नजीर को हल्की चोटें आई हैं, अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जल्द ही उन्हें अस्पताल से छुट्‌टी मिल जाएगी।

जाजमऊ स्थित प्लॉट पर ये है विवाद
जाजमऊ डिफेंस कॉलोनी निवासी समाजवादी पार्टी के विधायक इरफान सोलंकी का प्लॉट को लेकर पड़ोसी महिला बेबी नाज व नजीर फातिमा से विवाद चल रहा है। दोनों प्लॉट पर अपना होने का दावा करते हैं। मामला कोर्ट में विचाराधीन है। बीते 7 नवंबर 2022 को इरफान और उनके भाई रिजवान के खिलाफ जाजमऊ थाने में महिला ने एफआईआर दर्ज कराई थी।

महिला का आरोप है कि उनकी गैर मौजूदगी में विधायक और उनके भाई ने प्लाट पर कब्जा करने की नीयत से उनका घर फूंक दिया था। फिलहाल विधायक इरफान सोलंकी महाराजगंज जेल में बंद हैं। जबकि भाई रिजवान सोलंकी व अन्य साथी कानपुर जेल में बंद हैं।